श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को मिली नई धार, दंडी संन्यासियों ने किया कारसेवा का समर्थन
अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा जोर पकड़ रहा है, जिसे अब दंडी संन्यासियों ने भी समर्थन दिया है।

HighLights
दंडी संन्यासियों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि कारसेवा को समर्थन दिया।
प्रयागराज माघ मेले में कारसेवा की रणनीति बनेगी।
संन्यासी जन्मभूमि मुक्ति को राष्ट्रव्यापी मुहिम बनाएंगे।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनने के बाद मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी जोर पकड़ रहा है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और अन्य संत संगठनों के बाद अब दंडी संन्यासियों ने मथुरा में प्रस्तावित कारसेवा को समर्थन दिया है।
अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद ने कहा है कि विश्व हिंदू परिषद (विहिप) या कोई संत संगठन कारसेवा का आह्वान करता है तो देशभर के संन्यासी उसमें सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
परिषद श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए राष्ट्रव्यापी मुहिम भी चलाएगी। इसकी रणनीति 28 जनवरी 2027 को प्रयागराज के माघ मेले में होने वाले संत सम्मेलन में तय की जाएगी।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा धार्मिक के साथ राजनीतिक रंग भी ले चुका है। भाजपा इसे पुरजोर तरीके से उठा रही है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को कारसेवा में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं। दंडी संन्यासी धार्मिक अनुष्ठानों और प्रवचनों के दौरान श्रद्धालुओं के बीच यह मुद्दा उठा रहे हैं।
परिषद की गुरुवार को हुई वर्चुअल बैठक में तय हुआ कि संन्यासी किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं हैं, लेकिन जो भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाएगा, उसका समर्थन करेंगे। इसे आम लोगों के बीच लगातार उठाया जाएगा।
जन्मभूमि की मुक्ति हर सनातनी से जुड़ा विषय है और इसे उठाने वाले राजनीतिक दल के समर्थन में संन्यासी खड़े होंगे।
-जगदगुरु स्वामी महेशाश्रम, पीठाधीश्वर सनातन ज्ञान पीठ व संरक्षक अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषदकारसेवा में दंडी संन्यासी अग्रणी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से जन्मस्थली को मुक्त कराने में सहयोग की अपील की।
-स्वामी ब्रह्माश्रम, अध्यक्ष अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद