भाजपा सेमीफाइनल में हारी, 2027 विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन बनाएगा सरकार: मोना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि एमएलसी चुनाव भाजपा के लिए सेमीफाइनल था, जिसमें उसे हार मिली है।

HighLights
एमएलसी चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार।
2027 विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन की जीत का दावा।
महंगाई, बेरोजगारी, खराब कानून व्यवस्था भाजपा के खिलाफ मुद्दे।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। एमएलसी चुनाव तो सेमीफाइनल था, जिसमें भाजपा को करारी हार मिली है। इस परिणाम ने साबित कर दिया है कि प्रदेश में भाजपा के खिलाफ हवा बहने लगी है। फाइनल वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव है, जिसमें इंडी गठबंधन भाजपा को हराकर प्रदेश में सरकार बनाएगा। उक्त बातें कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कही।
निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने बुधवार को प्रयागराज आयीं मोना ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर संघर्ष करने को कहा। उन्होंने कहा, खराब कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी प्रमुख मुद्दा है। हर वर्ग के लोग भाजपा सरकार से पीड़ित हैं। वह उससे मुक्ति पाने को आतुर हैं। एमएलसी चुनाव में जनता ने उसका आइना दिखाया है।
विधानसभा चुनाव में भाजपा सौ सीट के अंदर सिमट जाएगी। उन्होंने कहा, मोदी सरकार को देश की जनता के वोट देने के अधिकार को छीनने नहीं देंगे। वोट चोरी और एसआइआर को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा की निर्णायक लड़ाई तक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा।
लोकतंत्र और संविधान बचाने को लेकर एक नवंबर काे दिल्ली में आयोजित महारैली में भारी संख्या में शिरकत करने को कहा। मोना का प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फुज़ैल हाशमी, विजय प्रकाश, सुधाकर तिवारी, किशोर वार्ष्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, नारायण सिंह चंदेल, तलत अजीम्र, संजय तिवारी, शशि प्रकाश, विजय मिश्रा ने स्वागत किया।
प्रधानमंत्री बैलेट पेपर से कराएं चुनाव: प्रमोद
राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अगले वर्ष उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड व पंजाब में होने वाला विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग की। एमएलसी चुनाव में कांग्रेस के लचर प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए एक्स पर प्रमोद ने वीडियो संदेश जारी करके कहा, भाजपा काशी, प्रयाग और मथुरा में चुनाव हार गयी है।
सारे तीर्थों से सीधा संदेश आया है कि भाजपा तुमने चंदा चाेरी किया है इसलिए तुम्हे सजा दे रहे हैं। वैसे भी एमएलसी चुनाव जिसकी सत्ता होती है उसी का होता रहा है। इसके बावजूद उसमें भाजपा को हार झेलनी पड़ी है।
कहा कि प्रधानमंत्री अपनी बात से पीछे हटने के बजाय हिम्मत दिखाकर अगला चुनाव बैलेट पेपर से कराने की घोषणा करें। इससे सारी स्थिति स्वत: स्पष्ट हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- '2027 में सिर्फ चुनाव नहीं लड़ेंगे, सरकार बनाएंगे': मुरादाबाद में बोलीं मोना मिश्रा; CEC पर महाभियोग की मांग
