विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वर्षों से नहीं बनी सड़क, नाराज लोगों ने प्रयागराज नगर निगम में धरना-प्रदर्शन व घेराव किया; जताई नाराजगी 

By Birendra Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 22 Sep 2026 04:07 PM (IST)

प्रयागराज नगर निगम में जनसुनवाई के दौरान वर्षों से सड़क निर्माण न होने और अन्य नागरिक समस्याओं को लेकर लोगों ...और पढ़ें

नगर निगम में जनसुनवाई करते नगर आयुक्त। जागरण

नगर निगम में जनसुनवाई करते नगर आयुक्त। जागरण

HighLights

  1. जनसुनवाई के दौरान महापौर कक्ष व नगर आयुक्त कक्ष का घेराव

  2. बिजली, पानी, सड़क, सफाई आदि समस्याओं को लेकर की शिकायत

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नगर निगम में मंगलवार को जनसुनवाई हुई। इसमें सड़क, जलभराव और कूड़ा उठान जैसी समस्याओं को लेकर फरियादियों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रीतम नगर के कन्हईपुर तालाब, अबूबकरपुर और नैनी समेत कई क्षेत्रों से आए लोगों ने पहले महापौर कक्ष और फिर नगर आयुक्त कक्ष के सामने धरना देकर अपनी नाराजगी जताई।इनका आरोप था कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार नाप-जोख और आश्वासन के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। 

10 वर्ष से सड़क निर्माण की मांग कर रहे

प्रीतम नगर-कन्हईपुर तालाब के पास रहने वाले 20 से अधिक महिला-पुरुष दोपहर करीब 12.30 बजे नगर निगम पहुंचे। लोगों ने महापौर कक्ष के सामने धरना दिया। कुछ देर बाद सभी नगर आयुक्त कक्ष के सामने बैठ गए। महिलाओं ने बताया कि 10 वर्ष से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है। नगर निगम क्षेत्र के शामिल होने के बाद उम्मीद जगी थी कि सड़क, जल निकासी और पेयजल की व्यवस्था बेहतर होगी, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

कूड़ा गाड़ी नियमित नहीं आती...

राजकुमारी, ऊमा, सीमा, रंजना, ज्योति और प्रीती समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में नियमित कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी तक नहीं आती। मजबूरी में खुद कूड़ा वाहन तक ले जाने पर भी कई बार कूड़ा उठाने वाले उसे बाहर फेंक देते हैं। बारिश के दौरान क्षेत्र में दो से तीन फीट तक पानी भर जाता है। इससे आवागमन के साथ ही घरों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

जनसुनवाई में 35 लोगों ने दर्ज कराई शिकायत

उधर जनसुनवाई में पूर्व पार्षद शैलेंद्र मिश्र ने कटघर में गली बंद किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। अलग-अलग समस्याओं को लेकर 35 से अधिक लोगों ने शिकायतें दर्ज कराईं। जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त राजीव शुक्ला, शादाब असलम, अरविंद राय, जलकल विभाग के महाप्रबंधक संजीव कुमार, मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान, विद्युत यांत्रिक विभाग के मुख्य अभियंता डॉ. संजय कटियार और जोनल अधिकारी नीरज सिंह मौजूद रहे।

150 मीटर सड़क के लिए 20 वर्ष से लगा रहे चक्कर

अबूबकरपुर में कबीर आश्रम के पास करीब 20 पूर्व सैनिकों के परिवार रहते हैं। इन परिवारों के लिए लगभग 150 मीटर सड़क का निर्माण लंबे समय से अटका है। पूर्व नायब सूबेदार कृपा शंकर दुबे, पूर्व हवलदार मिथिलेश कुमार राय और रमेश चंद्र राय समेत आठ लोग मंगलवार को समस्या लेकर नगर निगम पहुंचे। उनका कहना था कि 2006 से सड़क बनवाने की मांग की जा रही है। कई बार सड़क की नाप-जोख हुई और निर्माण का आश्वासन भी मिला, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। दोपहर करीब 12 बजे फरियादी नगर आयुक्त कक्ष पहुंचे। उस समय नगर आयुक्त की कुर्सी खाली होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। हालांकि अपर नगर आयुक्त ने सड़क बनवाने का फिर आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में 25% रकम एकमुश्त जमा करें और PDA के फ्लैट का कब्जा लें, बाकी धनराशि आसान किस्तों में 7 साल में चुकाएं

यह भी पढ़ें- Pitru Paksha 2026 : 'पितृ पैकेज' से पितरों को करें तृप्त, आपके रहने व खाने-पीने और तीर्थ पुरोहितों का प्रबंध रहेगा