विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में पहली बार विकसित किया जा रहा चैटबॉट 'कुंभ सहायक', श्रद्धालुओं को 10 से ज्यादा भाषाओं में मिलेंगी सूचनाएं

Published: Tue, 12 Nov 2024 06:58 PM (IST)

Maha Kumbh 2025 चैटबॉट सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त टूर-ट्रैवेल यात्रा पैकेज व होटल्स एवं होम स्टे के नाम व पतों ...और पढ़ें

एआई जेनरेटिव चैटबॉट देगा महाकुंभ से जुड़ी सभी जानकारियां।
एआई जेनरेटिव चैटबॉट देगा महाकुंभ से जुड़ी सभी जानकारियां।

डिजिटल डेस्क, प्रयागराज। महाकुंभ 2025 सीएम योगी के विरासत और विकास के विजन का सबसे बड़ा उदाहरण बनता जा रहा है। महाकुंभ एक ओर तो विश्व की सबसे प्रचीनतम् सनातन परंपराओं का वाहक है, तो वहीं दूसरी ओर आधुनिक तकनीक से जुड़ कर विकास का प्रतिमान बनता जा रहा है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण बन रहा है डिजीटल महाकुंभ, जो कि एआई और चैटबॉट जैसी अत्याधुनिक तकनीकि के उपयोग से श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध कराएगा।

महाकुंभ 2025 में पहली बार एआई जेनरेटिव चैटबॉट 'कुंभ सहायक' विकसित किया जा रहा है। जो भाषिनी एप की मदद से दस से अधिक भाषाओं में श्रद्धालुओं को महाकुंभ से जुड़ी सभी जानकारियां उपल्ब्ध करवाएगा। ये चैटबॉट गूगल नैविगेशन, इंटरैक्टिव कनवरसेशन व व्यक्तिगत जीआईएफ की सुविधा से लैस होगा। कुंभ सहायक चैटबॉट का स्वागत स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है।

देगा महाकुंभ से जुड़ी सभी जानकारियां

महाकुंभ 2025 स्वयं में ही कई कीर्तिमानों का महाकुंभ बनता जा रहा है। अपर मेलाधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि महाकुंभ में पहली बार पर 'कुंभ सहायक' चैटबॉट विकसित किया जा रहा है। जो कि विश्व की आधुनिकतम् तकनीक जेनरेटिव एआई आधारित है। ये चैटबॉट महाकुंभ 2025 ऐप या व्हाट्स ऐप के द्वारा संचालित होगा। चैटबॉट महाकुंभ के दौरान आपके व्यक्तिगत मार्गदर्शक के तौर पर कार्य करेगा।

चैटबॉट भाषिनी एप के माध्यम से हिंदी, अंग्रेजी समेत 10 से अधिक भाषाओं में महाकुंभ से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां प्रदान करेगा। ये चैटबॉट श्रद्धालुओं को लिखकर व बोलकर दोनों तरह से इनटरैक्टिव कनवरसेशन के माध्यम से जानकारियां प्रदान करेगा। चैटबॉट के माध्यम से आपको महाकुंभ के इतिहास, परंपरा समेत साधु, संन्यासी, अखाड़ा, स्नान के घाट, तिथियां, रास्ते, पार्किंग स्थल, रुकने-ठहरने के स्थान जैसी सभी जानकारियां प्रदान करेगा।

व्यक्तिगत मार्गदर्शक होगा कुंभ सहायक

अपर मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ सहायक चैटबॉट गूगल नैविगेशन की सुविधा भी प्रदान करेगा। जिसके माध्यम से महाकुंभ क्षेत्र में सेक्टर, अखाड़े, कल्पवास के टेंट, स्नान घाट के रास्तों का नैविगेशन भी प्राप्त हो सकेगा। चैटबॉट महाकुंभ क्षेत्र के साथ प्रयागराज शहर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों, मंदिरों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों के रास्ते भी बताएगा। इसके साथ ही महाकुंभ में होने वाले विविध आयोजनों की जानकारी से भी समय—समय पर अवगत कराता रहेगा।

चैटबॉट सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त टूर-ट्रैवेल यात्रा पैकेज व होटल्स एवं होम स्टे के नाम व पतों की भी जानकारी देगा। कुंभ सहायक चैटबॉट महाकुंभ के दौरान अपका व्यक्तिगत मार्गदर्शक बन कर कार्य करेगा। व्यक्तिगत जीआइएफ के माध्यम से ये आपसे बातें भी करेगा। ये चैटबॉट देश के कोने-कोने से आने वाली विविध भाषा-भाषियों के साथ अंतराष्ट्रीय पर्यटकों को भी विशेष सुविधा प्रदान करेगा। जो कि सीएम योगी के सुगम और सुरक्षित महाकुंभ के ध्येय को पूरा करने में सहायक साबित होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।