विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘यह कैसे मुमकिन…’ अविमुक्तेश्वरानंद ने आशुतोष पर हुए हमले पर दी प्रतिक्रिया, बोले- बात गले उतरने वाली नहीं

Published: Sun, 08 Mar 2026 07:51 PM (IST)

ज्योतिष्पीठ के स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए हमले को 'बनावट' बताया है। उन्होंने घटना की विश्वसनीयता पर ...और पढ़ें

HighLights

  1. अविमुक्तेश्वरानंद ने आशुतोष पर हमले को 'बनावट' करार दिया।

  2. कहा, यह चर्चा में रहने या सुरक्षा पाने का दिखावा है।

  3. भारतीय रेल में यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। ज्योतिष्पीठ के स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए हमले को सिरे से खारिज करते हुए इसे महज एक 'बनावट' करार दिया है। ब्रह्मचारी का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि घटना की जो पटकथा सुनाई जा रही है, वह गले उतरने वाली नहीं है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यह कैसे मुमकिन है कि कोई व्यक्ति शौचालय जाने तक पूरी तरह ठीक रहे और वहां से निकलते ही अचानक लहूलुहान हो जाए। उनके अनुसार, यह पूरी घटना केवल चर्चा में बने रहने और सरकारी सुरक्षा हासिल करने के लिए रचा गया एक दिखावा प्रतीत होती है।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इस बहाने भारतीय रेल में यात्रियों की सुरक्षा पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यदि ट्रेन जैसी सुरक्षित जगह पर किसी यात्री के साथ ऐसी वारदात होती है, तो यह जीआरपी और रेल प्रशासन की विफलता है।

उन्होंने तर्क दिया कि रेलवे को इस बात का जवाब देना चाहिए कि आखिर एक सुरक्षित माने जाने वाले कोच के भीतर किसी व्यक्ति पर हमला कैसे संभव है। अविमुक्तेश्वरानंद ने स्पष्ट किया कि चाहे यात्री आशुतोष हों या कोई और, सफर के दौरान उनकी जान-माल की रक्षा करना सीधे तौर पर प्रशासन की जिम्मेदारी है।

'साक्ष्य जुटाने' के दावे पर पलटवार

जब अविमुक्तेश्वरानंद का ध्यान इस बात की ओर दिलाया गया कि आशुतोष ब्रह्मचारी उनके खिलाफ प्रमाण एकत्र करने के लिए प्रयागराज जा रहे थे, तो उन्होंने इसे बेतुका बताया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इस कथित हमले के पीछे के असल उद्देश्यों को समझना कठिन नहीं है।

उनके मुताबिक, माहौल बनाने की कोशिशें अपनी जगह हैं, लेकिन असलियत यह है कि इस पूरी घटना में कहीं भी कोई ठोस आधार नजर नहीं आता। अंततः उन्होंने पूरे मामले की जवाबदेही रेलवे के पाले में डाल दी कि यदि हमला हुआ है, तो प्रशासन अपनी चुप्पी तोड़े।

आशुतोष को एसपीजी सुरक्षा देनी चाहिए

वहीं, रायबरेली में अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि हम शारीरिक हिंसा के पक्ष में नहीं है। रेलवे अपने यात्रियों की सुरक्षा नहीं कर पा रहा है। जो भी कोई बात कहता है उसका तथ्यों व प्रमाणों से उत्तर दिया जाना चाहिए। हमला किसी के ऊपर हो, यदि आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला हुआ है तो भी हमलावर को पकड़कर दंडित किया जाना चाहिए और उनकी सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए। एसपीजी सुरक्षा देने की जरूरत हाे तो दे देना चाहिए। 

बता दें कि रविवार को सुबह पांच बजे सिराथू में रीवा एक्सप्रेस में आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला हुआ, जिनसे वह घायल हुए हैं।

यह भी पढ़ें- 20 मिनट तक बाथरूम में छिपे रहे, रीवा एक्सप्रेस में आशुतोष ब्रम्हचारी पर कैसे हुआ हमला?