20 मिनट तक बाथरूम में छिपे रहे, रीवा एक्सप्रेस में आशुतोष ब्रम्हचारी पर कैसे हुआ हमला?
रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज आ रहे श्रीकृष्ण जन्मभूमि के वादी आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला हुआ, जिसमें उनकी नाक पर चोट आई।

HighLights
आशुतोष ब्रह्मचारी पर रीवा एक्सप्रेस में उस्तरे से हमला।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर हमले की साजिश का आरोप।
यौन शोषण मामले में गवाह हैं आशुतोष ब्रह्मचारी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज आ रहे श्रीकृष्ण जन्मभूमि के वादी आशुतोष ब्रम्हचारी पर हुए हमले नया मोड़ आ गया है। पीड़ित आशुतोष ने हमले की साजिश रचने का आरोप स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद सहित अन्य पर आरोप लगाया है।
जीआरपी को दी गई तहरीर में अविमुक्तेश्वरानंद समेत पांच को नामजद किया गया है। हालांकि जीआरपी अभी घटना की जांच कर रही है। आशुतोष का यह भी आरोप है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत चार लोगों के कहने मथुरा निवासी एक व्यक्ति ने नाक काटने वाले को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की थी।
करीब 20 मिनट तक वह बाथरूम में छिपे रहे
उसी के तहत रविवार सुबह ट्रेन में करीब 30 वर्षीय एक व्यक्ति ने एसी कोच में आकर उन पर उस्तरा से हमला किया, जिससे नाक में चोट लगी। करीब 20 मिनट तक वह बाथरूम में छिपे रहे। ट्रेन में उनके साथ श्रीकृष्ण सेना के प्रांत संयोजक सुधांशु सोम भी थे, लेकिन घटना के वक्त वह अपनी सीट पर सो रहे थे।
हमलावर ने जान से मारने की धमकी देते हुए यह भी कहा था कि“नाक काट करके अपने गुरू अविमुक्तेश्वरानंद के चरणों में दिखाऊंगा, इसकी कसम खाई है’। पीड़ित ने सरकार से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कहा कि हाईकोर्ट में 12 मार्च को उन्हें साक्ष्य देना है, ऐसे में उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए। उनकी अर्जी पर ही जिला अदालत ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत अन्य के खिलाफ बच्चों से यौन शोषण के आरोप में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। उस मुकदमे में वह गवाह हैं और बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उन पर भी है।
