विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में ARTO के साथ सस्पेंड सिपाहियों ने अभद्रता कर दी जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:11 AM (IST)

प्रयागराज में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) आनंद प्रताप राव को चार निलंबित सिपाहियों ने घेरकर अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. एआरटीओ आनंद प्रताप राव को निलंबित सिपाहियों ने धमकाया।

  2. सिपाहियों ने परिवार को लखनऊ से उठाने की धमकी दी।

  3. कर्नलगंज थाने में चारों निलंबित सिपाहियों पर मुकदमा दर्ज।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) प्रवर्तन दल प्रथम आनंद प्रताप राव को घेरने के साथ ही अभद्रता व धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप विभाग के चार निलंबित सिपाहियों पर लगा है। यही नहीं, एआरटीओ के परिवार को लखनऊ से उठाने तक की धमकी दी गई है। मामले में कर्नलगंज थाने में चारों निलंबित सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

एआरटीओ आनंद प्रताप राव ने कर्नलगंज थाने में तहरीर दी। बताया कि वह 16 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे एलनगंज स्थित अपने सहकर्मी प्रवर्तन अधिकारी राजीव कुमार के आवाास पर गए थे। विभागीय चर्चा के बाद वह ड्यूटी पर जाने के लिए बाहर निकलकर जैसे ही अपने वाहन में बैठे निलंबित प्रवर्तन सिपाही पंकज सिंह, अनिल प्रताप सिंह, पर्यवेक्षक शीतला प्रसाद यादव व चालक जनार्दन शर्मा ने घेर लिया। अभद्र व्यवहार करते हुए अपशब्द बोला।

पत्नी और बच्चों को घर से उठवा लेने की दी धमकी

चारों ने कहा कि तुमने ही निलंबित करवाया है। पंकज सिंह बोला कि न्यायालय में अनिल, शीतला व जनार्दन ने स्टे लेने के लिए रिट किया है। तुम मुकदमे की पैरवी कर रहे हो। अपर महाधिवक्ता को भी पैरवी के लिए जुड़वा रहे हो। आरोप है कि इसी दौरान पंकज सिंह ने वाहन के शीशे में लात मारते हुए धमकाया कि तुम्हारा परिवार लखनऊ में रहता है।

पत्नी और बच्चों को घर से उठवा लेंगे। हमारी पहुंच बड़े-बड़े नेताओं से है। आज के बाद जब भी चेकिंग के लिए निकलना तो यह सोचा लेना कि घर लौटकर नहीं पहुंचोगे। अपनी जान की सलामती चाहते हो तो मुकदमे की पैरवी बंद कर दो। एआरटीओ ने पुलिस को बताया कि चारों अत्यंत मनबढ़ हैं।

इनकी अनुशासनहीनता, अवैध वसूली, भ्रष्टाचार की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए पिछले दिनों परिवहन आयुक्त ने इन सभी को निलंबित किया था। इन चारों के पास ट्रकों से अवैध वसूली और भ्रष्टाचार से कमाई हुई अकूत संपत्ति है, जो होटल, ढाबा व दो नंबर की प्रापर्टी में लगी है।

उसी अवैध धन की आर्थिक मजबूती से ही इनका मनोबल इतना मजबूत है। एसीपी कर्नलगंज विवेक यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर पंकज सिंह, अनिल प्रताप सिंह, शीतला प्रसाद यादव व जनार्दन शर्मा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, घेरकर धमकी देने, अभद्रता करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के मऊआइमा में रेल हादसा टला, पटरी पर रखी थी गिट्टी; अयोध्या-संगम पैसेंजर के लोको पायलट ने दिखाई तत्परता