इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव: शिवांगी गर्ग संयुक्त सचिव व ऊषा मिश्रा कोषाध्यक्ष निर्वाचित
इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव में शिवांगी गर्ग संयुक्त सचिव (महिला) और ऊषा मिश्रा कोषाध्यक्ष (महिला) निर्वाचित हुई हैं। पांच महिला कार्यकारिणी सदस्यों के परिणाम भी घोषित किए गए।

इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव की मतगणना। जागरण आर्काइव
HighLights
अदिति पांडेय, वंदना सिंह, दिव्या यादव, सोनी गुप्ता व दुर्गा कुमारी कार्यकारिणी सदस्य बनीं
इलाहाबाद एचसीबीए वार्षिक चुनाव की मतगणना में सात और पदों के परिणाम घोषित हुए
विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन, इलाहाबाद (एचसीबीए) के वार्षिक चुनाव 2026-27 की मतगणना में गुरुवार को सात और पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए। निर्वाचन समिति की विज्ञप्ति के अनुसार 100 राउंड में 10030 मतों की गिनती के बाद संयुक्त सचिव (महिला) पद पर अधिवक्ता शिवांगी गर्ग (शिवांगी तिवारी) ने सर्वाधिक 2621 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।
उदिशा त्रिपाठी-2530 मत के साथ निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहीं। कोषाध्यक्ष (महिला) पद पर ऊषा मिश्रा (नेता जी) 3720 मतों के साथ निर्वाचित हुईं, आराधना सिंह 2836 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहीं।
कार्यकारिणी सदस्य (महिला) के पांच पदों का परिणाम भी घोषित हो गया। अदिति पांडेय को सर्वाधिक 4822 मत मिले। वह पहले स्थान पर रहीं। वंदना सिंह 4700 मत - द्वितीय, दिव्या यादव-3094 मत तृतीय, सोनी गुप्ता 2874 मत चतुर्थ और दुर्गा कुमारी 2431 मत पांचवें स्थान पर रहीं।
उपाध्यक्ष के कुल छह (पुरुष चार, महिला दो) का परिणाम शुक्रवार को आ सकता है। इसके लिए 88 राउंड में 8820 मतों की गिनती पूरी हो चुकी है। उपाध्यक्ष महिला पद के लिए अन्नपूर्णा सिंह चंदेल 3605 मत लेकर सबसे आगे हैं जबकि रंजना (रंजना सिंह) 2693 मत के साथ दूसरे स्थान पर हैं।उपाध्यक्ष पुरुष पदों के लिए 50 प्रत्याशियों में शक्ति सिंह -1486, आशुतोष पांडेय -1194, अविनाश कुमार श्रीवास्तव 1036 व जितेंद्र श्रीवास्तव 1032 मतों के साथ क्रमश: पहले चार स्थानों पर हैं।
मतगणना के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता सैय्यद फरमान अहमद नकवी, चुनाव अधिकारी सर्वेश लक्ष्मी कांत मिश्र, वशिष्ठ तिवारी, राज कुमार शुक्ला, अनुभव शुक्ला के साथ शैलेंद्र सिंह राठौर, प्रदीप तिवारी, अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। शुक्रवार को कार्यकारिणी सदस्य के 10 पदों की भी गिनती होगी।
