विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धर्म बदलकर मुस्लिम बने युवक को कोर्ट में पेश करने का निर्देश, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पिता को भेजा नोटिस

Published: Sat, 12 Sep 2026 12:50 AM (IST)

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस्लाम अपनाने वाले युवक आयुष मलिक की अवैध हिरासत के आरोप पर सख्त रुख अपनाया है।

इलाहाबाद हाई कोर्ट।

इलाहाबाद हाई कोर्ट।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने अवैध हिरासत पर पिता को नोटिस जारी किया।

  2. युवक ने इस्लाम अपनाकर प्रेम विवाह किया था, पिता ने FIR कराई।

  3. कोर्ट ने आयुष को 16 सितंबर को पेश करने का आदेश दिया।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इस्लाम अपनाने के साथ ही प्रेम विवाह करने वाले युवक को पिता द्वारा अवैध रूप से हिरासत में रखने के आरोप वाली बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है।

न्यायमूर्ति संदीप जैन की एकलपीठ ने आयुष मलिक व अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए देवराज सिंह मलिक को नोटिस जारी किया है। राज्य सरकार व पिता को निर्देश दिया है कि वह 16 सितंबर को आयुष मलिक को कोर्ट में पेश करें।

याचिका में दावा किया गया है कि 31 वर्षीय आयुष मलिक ने स्वतंत्र इच्छा से बिना किसी दबाव, प्रभाव या प्रलोभन इस्लाम धर्म स्वीकार किया और उसके बाद चांदनी कुरैशी से अपने पिता की इच्छा के विरुद्ध विवाह कर लिया।

नाराज होकर पिता देवराज सिंह मलिक ने छह जून 2026 को थाना शामली में एफआइआर दर्ज करा दी। उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 व भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में आयुष की पत्नी और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

याचिकाकर्ता का आरोप है कि पिता की मिलीभगत से अधिकारियों ने आयुष को अवैध रूप से पिता की हिरासत में रखा है और उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता छीन ली है।

याचिका आयुष के मित्र सुल्तान ने दाखिल की है। उसका दावा है कि दोस्त ने अपनी रिहाई के लिए उससे मदद मांगी थी। कोर्ट ने कहा आरोप गंभीर हैं।

आदेश दिया कि तीन दिन में नोटिस के लिए कदम उठाए जाएं। यदि नियत तिथि पर आयुष को पेश नहीं किया गया तो पुलिस अधीक्षक तथा थानाध्यक्ष शामली को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल कर गैरहाजिरी का कारण और बरामदगी के प्रयास बताने होंगे।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के लोगों को दाखिल-खारिज और रजिस्ट्री में बड़ी राहत, अब सिर्फ एक हजार रुपये विलंब शुल्क लगेगा