हाईकोर्ट में श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मामले की सुनवाई टली, 25 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद की सुनवाई 25 अगस्त तक के लिए टाल दी है।

HighLights
इलाहाबाद हाईकोर्ट में श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद की सुनवाई टली।
मथुरा में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर मध्यस्थता जारी है।
अगली सुनवाई 25 अगस्त को होगी, कई आवेदन लंबित।
विधि संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद उच्च न्यायालय में मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह विवाद में सुनवाई टल गई है। अब 25 अगस्त को प्रकरण सुना जाएगा।
न्यायमूर्ति अवनीश सक्सेना की एकलपीठ में मूल वाद संख्या 9/2023 भगवान श्री बाल कृष्ण केशव देव विराजमान बनाम यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड व अन्य की संक्षिप्त सुनवाई शुक्रवार को हुई। दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से कोर्ट को बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर मथुरा जिला अदालत में मध्यस्थता (मिडिएशन) प्रक्रिया जारी है।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा लोक अदालत के लिए अगली तारीख 21 से 23 अगस्त तय की गई है। इस आधार पर अदालत ने केस की सुनवाई को स्थगित कर दिया। कोर्ट में फिलहाल सात अलग-अलग आवेदन निपटारे के लिए लंबित हैं। इनमें मूल दस्तावेजों को रिकॉर्ड में लेने संबंधी आवेदन, राजभाषा अधिनियम 1963 के अनुपालन संबंधी आवेदन, वाद संख्या 17/2023 के निपटारे तक अन्य 15 वादों की सुनवाई स्थगित रखने संबंधी आवेदन, लिखित बयान में संशोधन की अनुमति संबंधी आवेदन शामिल हैं।
आवेदन क्रमांक 88-क- 1 के निपटारे के लिए मामले को 25 अगस्त को सूचीबद्ध किया गया है। वादी की ओर से अधिवक्ता हरि शंकर जैन, सौरभ तिवारी, सौम्या श्रीवास्तव, महेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिवक्ता तथा प्रतिवादियों की ओर से तस्नीम अहमदी, महमूद प्राचा, डब्ल्यू.एच. खान (वरिष्ठ अधिवक्ता) सहित कई अधिवक्ता वर्चुअल माध्यम से उपस्थित हुए।