प्रयागराज से मुंबई की राह होगी आसान: एक अक्टूबर से रोजाना उड़ान भरेगी Akasa Air, त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत
अकासा एयरलाइंस एक अक्टूबर से प्रयागराज-मुंबई रूट पर अपनी दैनिक उड़ान सेवा फिर से शुरू करेगी, जिससे यात्रियों को त्योहारी सीजन से पहले बड़ी राहत मिलेगी।

एक अक्टूबर से प्रयागराज-मुंबई के लिए अकासा एयर की प्रतिदिन फ्लाइट सुविधा मिलेगी।
HighLights
अभी शनिवार को प्रयागराज एयरपोर्ट से नहीं हो रहा है एक भी विमान का संचालन
नई समय सारिणी में मिलेगी अकासा एयर लाइंस को जगह, विमानन कंपनी का प्रस्ताव
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई का सफर करने वाले यात्रियों के लिए त्योहारी सीजन से ठीक पहले एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। विमानन कंपनी अकासा एयरलाइंस आगामी एक अक्टूबर से प्रयागराज-मुंबई रूट पर अपनी दैनिक उड़ान सेवा को फिर से बहाल करने जा रही है।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू
इसके साथ ही शनिवार के दिन एयरपोर्ट पर छाने वाले ‘सन्नाटे’ और उड़ानों के शून्य संचालन के दौर पर भी ब्रेक लगेगा। यात्रियों को अब मुंबई आवागमन के लिए किसी खास दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और इसके लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।
ईंधन संकट के चलते घटी थीं उड़ानें
विमानन कंपनी के अनुसार, बीते कुछ समय में विमान ईंधन (पेट्रोलियम) के दामों में आई तेजी के चलते संचालन लागत पर सीधा असर पड़ा था। नतीजतन, कंपनी को अपनी दैनिक सेवा में भारी कटौती करनी पड़ी थी और सातों दिन चलने वाली मुंबई उड़ान को घटाकर सप्ताह में केवल एक दिन (सोमवार) कर दिया गया था।
शनिवार को लॉकडॉउन जैसे हालात से मिलेगा छुटकारा
उड़ानों में हुई इस कटौती का असर प्रयागराज एयरपोर्ट के समग्र संचालन पर बेहद प्रतिकूल पड़ा था। स्थिति यह हो गई थी कि 4 जुलाई को एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही घटते-घटते शून्य तक पहुंच गई थी। 24 मई 2020 के लॉकडाउन के बाद यह पहला मौका था जब पूरे दिन न तो कोई विमान रनवे पर उतरा और न ही किसी ने उड़ान भरी। शनिवार को कोई भी फ्लाइट न होने से पूरा एयरपोर्ट वीरान नजर आने लगा था। हालांकि, अकासा एयरलाइंस की दैनिक सेवा शुरू होने के बाद शनिवार को भी विमानों का संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।
वर्तमान स्थिति पर चिंता और आंकड़े
मौजूदा समय में प्रयागराज एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के मामले में सीमित विकल्पों से जूझ रहा है। इंडिगो द्वारा बुधवार को मुंबई की सेवा न देने से उस दिन केवल दिल्ली की एक उड़ान ही रह जाती है। इसके अलावा बेंगलुरु के लिए सप्ताह में चार दिन, हैदराबाद के लिए दो दिन और दिल्ली के लिए छह दिन ही सेवाएं उपलब्ध हैं। उड़ानों में इस गिरावट का सीधा असर मुसाफिरों की संख्या पर पड़ा है। बीते अगस्त में प्रयागराज एयरपोर्ट से केवल 184 विमानों का संचालन हुआ और आने-जाने वाले यात्रियों की कुल संख्या घटकर मात्र 26,776 रह गई।
अभी और उड़ानों की दरकार: चंद्रशेखर ओझा
एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्य चंद्रशेखर ओझा ने इस बहाली का स्वागत करते हुए कहा कि हम इस सेवा को फिर से नियमित कराने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि टर्मिनल का विस्तार होने के बावजूद उड़ानों की संख्या सीमित होना चिंताजनक रहा है। पूर्व में जुड़े कई प्रमुख शहर अब कनेक्टिविटी से बाहर हैं, इसलिए केवल मुंबई ही नहीं, बल्कि प्रयागराज एयरपोर्ट से अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी विमानों की संख्या में और इजाफा होना बेहद जरूरी है।
एयरपोर्ट निदेशक ने की पुष्टि
प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक गणेश यादव ने पुष्टि की है कि 1 अक्टूबर से अकासा एयरलाइंस की सातों दिन मुंबई सेवा शुरू होने के साथ ही एयरपोर्ट पर उड़ानों और यात्रियों की संख्या में दोबारा तेजी देखने को मिलेगी।
