दूल्हा बदलने पर हंगामा, बैरंग लौटी बारात
संसू सुवंसा प्रतापगढ़ रानीगंज थाना क्षेत्र के नरी गांव में वैवाहिक समारोह के दौरान दूल्हा बदल देने पर जमकर हंगामा हुआ। शादी रोक दी गई।
संसू, सुवंसा, प्रतापगढ़ : रानीगंज थाना क्षेत्र के नरी गांव में वैवाहिक समारोह के दौरान दूल्हा बदल देने पर जमकर हंगामा हुआ। शादी रोक दी गई। रात भर दोनों पक्ष में पंचायत हुई। शुक्रवार को सुबह सुलह होने पर बिना शादी किए बरात लौट गई।
नरी गांव निवासी राजेंद्र कुमार सरोज की बेटी वंदना की शादी मेरठ जिले के बैहसुमा थाना क्षेत्र के झुनझुनी गांव के रहने वाले तेजपाल सरोज के बेटे हरेंद्र सरोज से तय हुई थी। गुरुवार की शाम बड़े धूमधाम से राजेंद्र के घर पर बरात आई। द्वारपूजा के दौरान रात करीब 11 बजे लड़की पक्ष के लोगों ने देखा कि जिस हरेंद्र से शादी तय हुई थी, दूल्हा तो वह है ही नहीं। किसी और को दूल्हा बना दिया गया है। इस पर द्वारपूजा की रस्म रोक दी गई।
फिर दूल्हा बदलने को लेकर कन्या पक्ष के लोग वर पक्ष से कहासुनी करने लगे। मारपीट तक की नौबत हो गई। इस बीच किसी ने सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले गई। रात भर दोनों पक्ष में पंचायत चली। समझौता होने पर पुलिस ने शुक्रवार को सुबह दोनों पक्ष के लोगों को छोड़ दिया। इसके बाद बिना शादी किए बरात मेरठ लौट गई। इस बारे में एसओ पवन कुमार त्रिवेदी ने बताया कि दोनों पक्ष ने शुक्रवार को सुबह समझौता कर लिया। इस पर दोनों पक्ष के लोगों को घर जाने दिया गया। छेड़खानी के विरोध में दो पक्ष में चली लाठी, चार घायल
संसू, सुवंसा : फतनपुर निवासी किशोरी बीरापुर बाजार में सिलाई सीखने प्रतिदिन आती है। वह शुक्रवार को दिन में 11 बजे बीरापुर बाजार आ रही थी। रास्ते में बीरापुर बाजार का ही एक दूसरे समुदाय का युवक छेड़खानी करते हुए उसका दुपट्टा खींचने लगा। इसका किशोरी ने विरोध किया। सूचना पर पहुंचे किशोरी के भाई एवं पिता ने आरोपित युवक को पीट दिया। इसके बाद आरोपित युवक के स्वजन भी पहुंचे और दोनों तरफ से लाठी डंडे चलने लगे। जिसमें दोनों पक्ष से लोग घायल हो गए।