पहले दिन नहीं हुआ कोई नामांकन, सात ने लिए परचे
सदर विधानसभा उप चुनाव के लिए पहले दिन किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। पहले
प्रतापगढ़ : सदर विधानसभा उप चुनाव के लिए पहले दिन किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। पहले दिन बसपा प्रत्याशी समेत सात लोगों ने नामांकन पत्र लिया। नामांकन स्थल पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम था।
चुनाव अधिसूचना जारी होते ही सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन स्थल सदर तहसील को बनाया गया है। निर्वाचन अधिकारी विजय पाल सिंह, एआरओ समा सिंह (बीडीओ सदर) व सरिता सिंह (बीडीओ संडवा चंद्रिका) के साथ निर्धारित समय के पहले नामांकन स्थल पर डट गए थे। नामांकन के लिए दिन में 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक समय निर्धारित था। हालांकि पहले दिन किसी ने नामांकन नहीं किया। बसपा प्रत्याशी रणजीत सिंह पटेल के लिए जिलाध्यक्ष सुशील कुमार गौतम ने परचा लिया। इसके अलावा निर्दलीय समेत छह लोगों ने और नामांकन पत्र लिया।
नामांकन स्थल पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। नामांकन स्थल पर एक इंस्पेक्टर, 19 दारोगा, 11 हेड कांस्टेबल, 63 पुरुष सिपाही, एक महिला दारोगा, 16 महिला सिपाही तैनात थीं। तहसील के मुख्य और अंदर गेट पर बैरियर लगाया गया है। कोतवाली की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरियर लगाया गया है। तीनों बैरियर पर पुलिस कर्मी मुस्तैद थे। नामांकन कक्ष गेट पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाया गया है। इस पर एलआइयू के दारोगा व सिपाही हैंड मेड मेटल डिटेक्टर लेकर लोगों की चेकिग कर रहे थे। नामांकन कक्ष के गेट पर और अंदर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। कोतवाल सुरेंद्रनाथ सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे हुए थे। तहसील परिसर की बैरीकेडिग की गई है। सदर तहसील में कामकाज के लिए आने वाले लोगों के लिए बैरीकेडिग करके गलियारा बनाया गया है। इसके अलावा शहर में प्रमुख चौराहों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। चौक, श्रीराम तिराहा, राजापाल टंकी चौराहा, आंबेडकर चौराहा, भंगवा चुंगी चौराहा पर फोर्स मुस्तैद थी।