प्रधानाध्यापक के घर से नकदी समेत लाखों की चोरी
प्रतापगढ़ जनपद के हथिगवां थाना क्षेत्र के पूरे बसिया पुरवा पुरनेमऊ गांव में शुक्रवार की रात एक विद्यालय के प्रधानाध्यापक के घर में चोरी हो गई। चोरों ने नकदी समेत सोने, चांदी के आभूषण उठा ले गए।
प्रतापगढ़ : हथिगवां थाना क्षेत्र के पूरे बसिया पुरवा पुरनेमऊ गांव में प्रधानाध्यापक के घर से चोरों ने शुक्रवार की रात नकदी समेत लाखों की चोरी की। छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने घटना को अंजाम दिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गांव निवासी राम बहादुर यादव, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरांय कीरत में प्रधानाध्यापक हैं। रात में वह परिवार समेत कमरों में सो रहे थे। देररात घर के पीछे से चोर उनके छत पर चढ़ गए और सीढ़ी से घर में घुसे। बंद कमरे की ग्रील तोड़कर भीतर घुसे और आलमारी का ताला तोड़कर 80 हजार रुपये नकदी समेत सोने, चांदी के जेवरात उठा ले गए। सुबह जब परिजन सोकर उठे तो देखा कि घर के पिछले हिस्से में सामान फेंके गए थे। यह देखकर परिजन छत पर गए तो देखा कि कमरे रखा सूटकेस छत पर पड़ा था। इसके बाद कमरे में जाकर देखा तो नकदी समेत लाखों का आभूषण गायब था। जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी गायब सामानों का पता नहीं चल सका। परिजनों ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे एसओ हथिगवां अर्जुन ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों से जानकारी ली। मामले में राम बहादुर के बड़े बेटे महेंद कुमार ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। छोटा बेटा सुरेंद्र राज्य महिला आयोग लखनऊ में सलाहकार के पद पर तैनात है। इस बाबत एसओ अर्जुन ¨सह का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।