कैबिनेट मंत्री ने बंधाया ढांढस, एसओ को लगी फटकार
जमीन के विवाद में पिटाई से हुई महिला की मौत पर कैबिनेट मंत्री मोती सिंह सोमवार को नारायणपुर गांव पहुंचे।
संवाद सूत्र, मंगरौरा : जमीन के विवाद में पिटाई से हुई महिला की मौत पर कैबिनेट मंत्री मोती सिंह सोमवार को नारायणपुर गांव पहुंचे। उन्होंने स्वजनों को ढांढस बंधाते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी में शिथिलता बरतने पर कंधई एसओ को फटकार लगाया।
नारायणपुर गांव निवासी राम अचल यादव और संतलाल वर्मा निवासी भुसुंडी के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। 21 मई को संतलाल वर्मा के पक्ष के लोगों ने रामअचल यादव, उनके भाई धनीराम, शारदा देवी पत्नी धनीराम को लाठी-डंडे से पीटा था। इलाज के दौरान शारदा देवी की मौत हो गई थी।
इस बीच कैबिनेट मंत्री मोती सिंह सोमवार को रामअचल के घर पहुंचे और पूरी घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
प्रापर्टी डीलर हत्याकांड के आरोपित पुलिस की पकड़ से दूर
संवाद सूत्र, प्रतापगढ़ : नगर कोतवाली क्षेत्र के मारुतनगर में एक प्लाट पर कब्जे को लेकर प्रापर्टी डीलर राम प्रसाद पांडेय और सर्वेश उर्फ साहब तिवारी के बीच आठ मई को गोली चली थी। इसमें राम प्रसाद, उनके भाई लक्ष्मण, सुभाष सैनी, सुरेंद्र तिवारी और दूसरे पक्ष से सर्वेश तिवारी, आनंद तिवारी, राहुल तिवारी, अंजनी शुक्ला घायल हो गए थे। इलाज के दौरान राम प्रसाद की मौत हो गई थी। पुलिस ने सर्वेश उर्फ साहेब तिवारी निवासी मझिलहा, उनके चचेरे भाई आनंद तिवारी, प्राइवेट गनर अंजनी शुक्ला उर्फ राधे निवासी सलेमभदारी लालगंज, राजकुमार मौर्य निवासी टेऊंगा सहित 10 नामजद और दो-तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अभी सिर्फ अंजनी शुक्ला को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपित पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
दूसरी ओर सर्वेश तिवारी की तहरीर पर मृतक राम प्रसाद पांडेय, उनके भाई लक्ष्मण, सुभाष सैनी सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें से एक भी आरोपित नहीं पकड़ा गया।