आग लगने से छप्पर जला, गृहस्थी हुई राख
आवासीय छप्पर में अचानक लगी आग से उसमें रखा अनाज वस्त्र बर्तन सहित हजारों का सामान जलकर राख हो गया। किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
संसू, उड़ैयाडीह : आवासीय छप्पर में अचानक लगी आग से उसमें रखा अनाज, वस्त्र, बर्तन सहित हजारों का सामान जलकर राख हो गया। किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
पट्टी तहसील क्षेत्र के कठार गांव निवासी अजब नारायण सिंह के आवासी छप्पर में गुरुवार को दोपहर अचानक आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे छप्पर को अपने आगोश में ले लिया। पछुआ हवा के झोंके से आग को काबू करने में ग्रामीण असहाय दिखे। आग से छप्पर में रखा अनाज, वस्त्र ,बर्तन, चारपाई, तखत सहित हजारों का सामान जलकर राख हो गया। आग ने पड़ोसी जसवंत सिंह के छप्पर को भी अपनी आगोश में ले लिया। इससे उसमें रखा अनाज, बिस्तर ,चारपाई सहित गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। सबमर्सिबल चलाकर घंटों अथक प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गृहस्थी का सामान जलकर राख हो चुका था। दहेज हत्या के आरोपति ससुर की मौत
संसू,डेरवा: जेठवारा थाना क्षेत्र के पंडित के पुरवा सरायइन्द्रावत गांव निवासी पन्ने लाल सरोज पुत्र श्री राम सरोज की पत्नी पूजा देवी (24) की 17 जनवरी 2021 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति पन्ने लाल, सरोज ससुर राम सरोज, सास सुशीला देवी व ननद सुषमा देवी सहित सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने ससुर राम सरोज व उसके भाई जगराम सरोज को गिरफ्तार कर लिया था और दोनों को जेल भेज दिया था। वहां पर राम सरोज की हालत बिगड़ गई। उसे जेल से लगभग छह दिन पूर्व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया, वहां से उन्हें पीजीआई लखनऊ भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान 24 फरवरी को देर रात मौत हो गई।