विधायक के भतीजे पर हमले की जांच में अटकी पुलिस
प्रतापगढ़ सदर विधायक के भतीजे पर हमला पुलिस के लिए एक रहस्य बन गया है। पुलिस की जांच में
प्रतापगढ़ : सदर विधायक के भतीजे पर हमला पुलिस के लिए एक रहस्य बन गया है। पुलिस की जांच में सीसीटीवी फुटेज में कोई घर में आते-जाते नहीं दिखा। फिलहाल पुलिस घटना की गहनता से छानबीन कर रही है।
कटरा मेदनीगंज निवासी सदर विधायक संगमलाल गुप्ता का भतीजा रोहन (19) पुत्र रामकुमार गुप्ता लखनऊ में रहकर आइआइटी की तैयारी करता है। इस समय वह घर पर आया है। सोमवार शाम घर में रोहन, उसका छोटा भाई सागर और मां शांती देवी थी। रोहन छत पर गया था। उसने शोर मचाया कि बदमाश ने उस पर चाकू और तमंचे के बट से हमला किया है। एसपी, एएसपी, सीओ सिटी, कोतवाल के साथ सीधे विधायक के घर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज को चेक किया। विधायक के घर में जाने के लिए सिर्फ एक दरवाजा है। उस पर लगे सीसीटीवी में कोई घर में आता-जाता नहीं दिखा। सूत्रों के अनुसार ग्राउंड फ्लोर पर रोहन का छोटा भाई सागर, मां शांती देवी थीं। वह प्रथम तल पर कमरे में था। सागर ने किसी के गिरने की आवाज सुनी तो वह भागकर रोहन के कमरे में गया। कमरे में न मिलने पर सागर छत पर गया तो रोहन गिरा पड़ा था।
पुलिस का यह मानना है कि विधायक के घर के छत पर पीछे से कोई चढ़ नहीं सकता है। ऐसे में छत से कूदकर कोई भागा कैसे होगा। एसपी एस आनंद का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में कोई आते-जाते नहीं दिखा। फिर भी मामले की गहराई से जांच की जा रही है। विधायक संगम लाल गुप्ता का कहना है कि उनकी इस तरह की कोई रंजिश नहीं है। घर के बगल रहने वाले एक खास वर्ग के कुछ लोग उनसे रंजिश रख सकते हैं। उन्होंने शीतला माता का मंदिर बनवाया है, जिस पर दिन भर पूजा पाठ होता रहता है। यह बात उन खास वर्ग को चुभती है। मंदिर में हुई चोरी में उसी विशेष वर्ग का ही लड़का पकड़ा गया था। इस घटना में कोई न कोई साजिश जरूर है।