आंधी के साथ बारिश, दो महिलाओं की मौत
कई दिनों के उमस के बाद शनिवार की शाम आंधी के साथ बारिश हुई। कई स्थानों पर आकाश से बिजली भी गिरी।
जासं, प्रतापगढ़ : कई दिनों के उमस के बाद शनिवार की शाम आंधी के साथ बारिश हुई। कई स्थानों पर आकाश से बिजली भी गिरी। बड़ी संख्या में पेड़ भी गिरे। इस दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई और दर्जन भर लोग घायल हो गए।
शनिवार की शाम हवा के बदलाव से तापमान में गिरावट आ गई। देखते ही देखते शाम छह बजे बादल छा गए और आंधी शुरू हो गई। कुछ ही देर में बारिश होने लगी। कुंडा प्रतिनिधि के अनुसार मानिकपुर थाना क्षेत्र के मिरगड़वा गांव की रेहाना (45) पर महुआ की डाल गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। इसी गांव की रजवानी (30) भी पेड़ की डाल के नीचे दबकर घायल हो गई। वहीं बजहा भीट गांव की शीला देवी पत्नी बब्लू की बिजली गिरने से मौत हो गई। इसी गांव के मैकूलाल पर खेत से लौटते समय बिजली गिर पड़ी और घायल हो गए। इसी तरह कई अन्य क्षेत्रों में भी लोग पेड़ गिरने से घायल हो गए। संग्रामगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक अस्थवां गांव में मनोज कुमार की मुर्गी फार्म की दीवार गिर घई। इससे मनोज (35) पुत्र जिया राम नीरज (22) पुत्र राम लखन, पुत्तन सरोज (23) पुत्र मनीराम घायल हो गए। वहीं लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय मार्ग पर पेड़ गिरने से घंटों आवागमन अवरुद्ध रहा।