विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Pratapgarh: आसान नहीं है मोक्षधाम का रास्ता, बांस के टूटे पुल से ले जानी पड़ी शवयात्रा

By Jagran NewsEdited By: Nirmal Pareek
Published: Mon, 02 Jan 2023 08:18 AM (IST)

बकुलाही नदी पर बनाए गए बांस के अस्थायी पुल पर कई गांव निर्भर हैं। टूटे पुल की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के लिए इस नदी पर पक्के पुल की दूरी तय करना आसान नहीं है। रविवार को इसी टूटे पुल से गांव के एक व्यक्ति का जनाजा निकाला गया।

नूरपुर काछा गांव के पास बांस के टूटे पुल से होकर रविवार को जनाजा ले जाते ग्रामीण
नूरपुर काछा गांव के पास बांस के टूटे पुल से होकर रविवार को जनाजा ले जाते ग्रामीण

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़: सड़क और पुलों का भले ही प्रदेश में जाल बिछ रहा हो लेकिन बकुलाही नदी पर पक्के पुल के अभाव में बनाए गए बांस के अस्थायी पुल पर कई गांव निर्भर हैं। बांस के टूटे पुल की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के लिए इस नदी पर पक्के पुल की दूरी तय करना आसान नहीं है। रविवार को इसी टूटे पुल से गांव के एक व्यक्ति का जनाजा निकाला गया। इसका वीडियो किसी ने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

जनसहयोग से बनाया गया था यह पुल

बता दें यह मामला मानधाता ब्लाक के नूरपुर काछा गांव का है। गांव के बगल से ही बकुलाही नदी गुजरी है। यहां जनसहयोग से बनाया गया बांस का पुल टूटा है। लोगों को इसे पार कर बाजार, स्कूल, अस्पताल, कब्रिस्तान, कोटेदार के यहां जाना होता है। खेती-किसानी के लिए भी हर रोज गांव वालों को पुल पार करना होता है। इससे नूरपुर, खूझी, पुरैला, बरसंडा आदि गांव के करीब चार हजार लोगों का आना-जाना होता है। गांव के एक छोर पर पांच तो दूसरे पर सात किमी दूर पक्का पुल बनाया गया है।

कमर तक भरा था पानी, जनाजा भी बड़ी मुश्किल से संभाला गया

रविवार को गांव के मोहम्मद रशीद का निधन हो गया था। उनके जनाजे को बड़ी मुश्किल से कमर तक पानी में भीगकर नदी के पास कब्रिस्तान तक ले जाना पड़ा। कुछ लोग गिर भी गए, उनको किसी तरह संभाला गया। जनाजा भी बड़ी मुश्किल से संभाला गया। कई लोग तो खतरे को देख नदी पार ही नहीं गए। इसका वीडियो बनाकर किसी ने प्रसारित कर दिया। इसमें पूरी अव्यवस्था दिख रही है। यह तो अच्छा है कि पानी कम था, नहीं तो हादसा हो सकता था।

इस शर्मनार घटना के बारे में एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा का कहना है कि मौके पर टीम भेजकर समस्या को देखा जाएगा। उसके समाधान की पहल की जाएगी। ग्रामीण पिछले सात वर्षों से पुल की मांग कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।