प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा: पिकअप ने बोलेरो में मारी टक्कर, जौनपुर के दो युवकों की मौत
प्रतापगढ़ के रानीगंज में पिकअप और बोलेरो की टक्कर में जौनपुर के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जागरण संवाददाता, रानीगंज (प्रतापगढ़)। पिकअप की टक्कर से बोलेरो सवार जौनपुर जिले के दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। मौके पर गाड़ी छोड़कर पिकअप चालक भाग निकला।
फतनपुर थाना के बीरापुर बाजार से बोलेरो सुजानगंज जौनपुर की ओर जा रही थी। रात करीब 9:30 बजे बिच्छूर के पास सामने से जा रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। तेज रफ्तार के कारण बहुत तेज टक्कर लगी। मौके पर चीख पुकार मच गई।
इस हादसे में आगे की सीट पर बैठे सुंदर सरोज और बोलेरो के चालक प्रदीप सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही शिवम सरोज और वकील सरोज, जो बीच मे बैठे थे, गंभीर रूप से घायल हो गए। यह सभी जौनपुर जनपद के सुजानगंज थाना के रायपुर गांव के हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस उपाधीक्षक रानीगंज प्रशांत राज का कहना है कि टक्कर मारने वाली गाड़ी के चालक का पता लगाया जा रहा है।