प्रतापगढ़ में एक महीने के दौरान 20 सड़क हादसों 12 लोगों की मौत, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी ले रही जान
प्रतापगढ़ में पिछले एक महीने में 20 सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई और 10 से अधिक घायल हुए हैं।

लापरवाही, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी इन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रही है।
HighLights
एक माह में 20 सड़क हादसों में 12 मौतें हुईं।
लापरवाही, तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी मुख्य कारण।
यातायात पुलिस जागरूकता अभियान चला रही, लोग सतर्क नहीं।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जिले में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। घर या दफ्तर पहुंचने के बजाय लोग हादसों में जान गंवा रहे हैं। कहीं बाइकों की टक्कर हो रही है, तो कहीं तेज रफ्तार के कारण वाहन पलट रहे हैं। बेसहारा गोवंश भी सड़क हादसों की वजह बन रहे हैं।
लापरवाही और जागरूकता की कमी के चलते यातायात के जीवन सुरक्षा नियमों का सही तरह से पालन नहीं हो रहा है। शहर से लेकर अंचल तक मनमानी जारी है। सुरक्षित यात्रा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट लगाना तथा गति पर नियंत्रण रखना जरूरी है, लेकिन कई लोग इन नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। यही वजह है कि पिछले एक महीने में 20 सड़क हादसे हुए, जिनमें 12 लोगों की मौत हुई है।
यातायात जागरूकता माह के दौरान भी हादसों का यह क्रम जारी है। विश्वनाथगंज में कार की टक्कर से स्कूटी सवार फरीद अहमद, बाइकों की भिड़ंत में संदीप गौतम और पोल से टकराने के कारण रमेश कुमार की जान गई। 10 से अधिक लोग घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं।
बरतें यह सावधानी
- आने वाले दिनों में कोहरा पड़ेगा। वाहनों में एंटीफाग लाइट समय से पहले लगवा लें।
- चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाएं।
- निर्धारित गति सीमा से तेज वाहन न चलाएं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में गति कम रखें।
- नशे या शराब के सेवन के बाद वाहन चलाना कानूनी जुर्म है और इससे दुर्घटनाएं होती हैं।
- वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करें। संकेतों को समझें और वाहन पूरी तरह रोकें।
- सड़क पार कर रहे पैदल यात्रियों के लिए जेब्रा क्रासिंग पर रुकें और उन्हें पहले जाने दें।
- वाहन की नियमित जांच कराएं। ब्रेक, टायर, इंडिकेटर और दोनों साइड मिरर ठीक रखें।
सीओ यातायात रवींद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दूरी के अनुपात में समय लेकर वाहन चलाना चाहिए। सड़क पर जल्दबाजी लोगों के लिए बड़ा खतरा बन रही है। यातायात पुलिस जागरूकता अभियान चलाती है, लेकिन अब भी अनेक लोग सतर्क नहीं हो रहे।