प्रतापगढ़ का मवई रेलवे क्रासिंग सितंबर में बंद हो जाएगा, 16 माह तक रूट डायवर्जन रहेगा; इस दौरान यहां ओवरब्रिज निर्माण होगा
प्रतापगढ़ का मवई रेलवे क्रासिंग सितंबर 2026 से 16 माह के लिए ओवरब्रिज निर्माण हेतु बंद रहेगा, जिससे भारी वाहनों ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ का मवई रेलवे क्रासिंग सितंबर से 16 माह तक रूट डायवर्जन रहेगा। जागरण आर्काइव
HighLights
सितंबर 2026 से दिसंबर 2027 तक भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा
लेखपाल ने मौके का जायजा लेकर एसडीएम को भेजी रिपोर्ट, आगे की कार्रवाई शुरू
संवाद सूत्र, जागरण, कुंडा (प्रतापगढ़)। जनपद के मवई रेलवे क्रासिंग बंद होने से 16 माह तक रूट डायवर्जन रहेगा। मवईकला स्थित एलसी-26बी रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते करीब परिवर्तित मार्ग से वाहनों का आवागमन हो सकेगा रहेगा। सितंबर 2026 से दिसंबर 2027 तक क्रासिंग बंद रहने की स्थिति में भारी वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
चीफ इंजीनियर कांस्ट्रक्शन रोड सेफ्टी प्रोजेक्ट लखनऊ के कार्यालय से डीएम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया था। पत्र मिलने के बाद जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को स्थलीय स्थिति की जांच कर डायवर्जन के संबंध में आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके क्रम में मवईकला के लेखपाल हरिश्चंद्र ने स्थलीय निरीक्षण के बाद डायवर्जन की आख्या तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी है।
आख्या के साथ प्रस्तावित डायवर्जन का नक्शा भी संलग्न किया गया है। आख्या के मुताबिक एलसी-26बी बंद रहने के दौरान बस, ट्रेलर, ट्रक समेत भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से गुजारा जाएगा। मवईकला की ओर से कुंडा टाउन और बाबूगंज की तरफ जाने वाले वाहनों को मवईकला से नहर पटरी, दुलुवामई होते हुए बड़गौं नहर पटरी के रास्ते बाबूगंज रेलवे फाटक की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह बाबूगंज टाउन एरिया और कुंडा की ओर से आने वाले वाहनों को भी मवईकला-दुलुवामई-बड़गौं मार्ग से होते हुए प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर पहुंचाया जाएगा। इस व्यवस्था से रेलवे क्रासिंग पर निर्माण कार्य के दौरान वाहनों का संचालन जारी रखने का प्रयास किया गया है। ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने के बाद रेलवे क्रासिंग पर फाटक बंद होने से लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। निर्माण अवधि के दौरान करीब 16 महीने तक डायवर्जन के कारण वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। एसडीएम अजय कुमार का कहना है कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
