प्रतापगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, मृत्यु से पहले मोबाइल में बनाया था वीडियो
मानिकपुर के छाताहार यादव पट्टी गांव में एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
मानिकपुर में 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
भाई ने पत्नी और अज्ञात व्यक्ति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया।
मृतक ने मौत से पहले मोबाइल पर वीडियो बनाया था।
संवाद सूत्र, मानिकपुर। छाताहार यादव पट्टी गांव में बुधवार को 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर पारिवारिक विवाद और अन्य परिस्थितियों के चलते युवक के तनाव में रहने की बात कही है। तहरीर में उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति पर परेशान करने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने उसकी पत्नी और अज्ञात प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छाताहार यादव पट्टी निवासी अमरेश कुमार मजदूरी करता था। बुधवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अमरेश के भाई अनिल कुमार सरोज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि अमरेश पारिवारिक परिस्थितियों और कर्ज को लेकर तनाव में रहता था। उसने अपनी तहरीर में अमरेश की पत्नी मालती देवी और एक अन्य व्यक्ति को लेकर भी आरोप लगाए हैं।
पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। तहरीर में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका भी जताई गई है। मामले में यह बात भी सामने आई है कि अमरेश ने मौत से पहले अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो बनाया था। वीडियो में क्या कहा गया है और उसका घटना से कोई संबंध है या नहीं, इस संबंध में अभी पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
अमरेश के तीन बच्चे हैं, दो जुड़वा राम व श्याम तथा रुद्र। 12 साल पूर्व उसने प्रेम विवाह किया था। साल भर में उसकी पत्नी चार बार घर से भागी थी। मानिकपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार राय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर उसकी पत्नी व अज्ञात प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। लगाए गए आरोपों सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
