विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ में युवक ने लगाई फांसी, इंस्टाग्राम मैसेज से खुली मौत की गुत्थी

Published: Wed, 27 May 2026 08:10 PM (IST)

प्रतापगढ़ के जगापुर गांव में 34 वर्षीय मूलचंद गुप्ता का शव फंदे से लटका मिला। घटना का पता इंस्टाग्राम पर ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। महेशगंज के जगापुर गांव में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका पाया गया। घटना का पता इंस्टाग्राम पर प्रसारित मैसेज से चला तो खलबली मच गई। घटना की वजह घरेलू कलह बताई जा रही है। पुलिस जांच कर रही है।

जगापुर निवासी 34 वर्षीय मूलचंद गुप्ता पुत्र श्यामलाल का घर कुंडा-जेठवारा मार्ग के किनारे स्थित है। मंगलवार सुबह वह घर में अकेला था। करीब 11 बजे उसने कमरे में पंखे के सहारे रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी उस समय हुई जब उसके भतीजे शिवम गुप्ता के इंस्टाग्राम पर “शिव शक्ति” नाम की आईडी से एक संदेश आया, जिसमें लिखा था कि उसके चाचा ने घर में फंदा लगा लिया है। मैसेज मिलते ही शिवम मौके पर पहुंचा तो घर के अंदर मूलचंद का शव फंदे से लटकता मिला।

उसने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से शव को उतारकर सीएचसी कुंडा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर महेशगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की।

युवक ठेले पर लाई-चना बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपनी पत्नी ज्योति, बेटे 11 वर्षीय कार्तिक और बेटी पांच वर्षीय शुभी के साथ रहता था।

दो दिन पहले वह पत्नी और बच्चों को हथिगवां के बेंती गांव स्थित उसके मायके छोड़कर आया था। इसके बाद से वह घर में अकेला रह रहा था। मूलचंद तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

हालांकि, ग्रामीणों में चर्चा है कि किसी युवती से बातचीत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना की जानकारी होने पर पत्नी ससुराल आई। बदहवास होकर रोने लगी। आसपास की महिलाएं उसे संभालती रहीं।

ग्रामीणों का कहना है कि मूलचंद मेहनतकश और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। उसने ऐसा क्यों किया, इसकी जांच होनी चाहिए।

महेशगंज थानाध्यक्ष संदीप कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।