विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ जंक्शन पर होने जा रहा है बड़ा बदलाव, बिछेंगे बिना पत्थर वाले ट्रैक; बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार

Published: Wed, 12 Aug 2026 03:55 PM (IST)

प्रतापगढ़ जंक्शन पर लाइन नंबर एक और तीन पर बैलास्ट रहित ट्रैक बिछाए जाएंगे, जिससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और रखरखाव आसान होगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. प्रतापगढ़ जंक्शन पर लाइन 1 और 3 पर बैलास्ट रहित ट्रैक।

  2. ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी, रखरखाव आसान होगा, सुरक्षा बेहतर।

  3. जलभराव और ट्रैक खिसकने की समस्या से मिलेगी मुक्ति।

संवाद सूत्र, प्रतापगढ़। अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित हो रहे मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर बैलास्ट रहित ट्रैक यानी बिना पत्थरों वाली पटरी बिछाई जाएगी। बिना बोल्डर के कंक्रीट के ऊपर बिछने वाला ट्रैक ऐसे तैयार होगा, जिससे ट्रेन की रफ्तार कम नहीं होगी। साथ ही इससे ट्रैक का मेंटेनेंस अधिक आसान होगा। इससे ट्रैक पर जलभराव के दौरान लाइन धंसने की समस्या नहीं आएगी। जल्द काम शुरू होगा।

मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन ए श्रेणी का जंक्शन का है। यहां से तीन दर्जन ट्रेनों का आवागमन होता है। इसमें पंजाब मेल, जनता एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, भोपाल एक्सप्रेस, उद्योग नगरी, मनवर संगम एक्सप्रेस, तुलसी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं।

ट्रेनों की संख्या बढ़ने से अब ट्रैकों का भी कायाकल्प हो रहा है। अब प्रतापगढ़ जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर लाइन नंबर एक और तीन पर बैलास्ट लेस ट्रैक बिछने जा रहा है। यह नई तकनीक ट्रेनों की रफ्तार कम किए बिना रख-रखाव आसान करेगी। इसमें गिट्टी खिसकने या टूटने की समस्या नहीं होती, जिससे बार-बार ट्रैक की मरम्मत या पैकिंग की जरूरत नहीं पड़ती।

पानी भरने और ट्रैक खिसकने की समस्या लगभग खत्म हो जाएगी। यह उच्च गति वाली ट्रेनों और भारी मालगाड़ियों के आवागमन के लिए बेहद स्थिर और मजबूत होती है। इसका उपयोग अक्सर लंबी सुरंगों, मेट्रो रेल नेटवर्क और आधुनिक लूप लाइनों पर किया जाता है, जहां रख-रखाव करना कठिन होता है।

पथ वे निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे लाइन नंबर एक और तीन पर बैलास्ट रहित ट्रैक बिछाने की कवायद चल रही है। जल्द ही काम शुरू होगा।

दो-दो किमी बिछेगा ट्रैक, आएगा 30 करोड़ का खर्च

प्रतापगढ़ जंक्शन पर लाइन नंबर एक और तीन पर दो-दो किमी बैलास्ट रहित ट्रैक बिछाया जाना है। इसे बिछाने में 30 करोड़ रुपये का खर्च आ रहा है। इसके 15 सितंबर से इस पर काम शुरू होने की उम्मीद है। 15 दिनों तक काम चलेगा। सबसे पहले प्लेटफार्म नंबर एक से काम शुरू होगा। इस लाइन पर आने वाली ट्रेनों को अन्य प्लेटफार्मों से गुजरा जाएगा। इसके बाद लाइन नंबर तीन पर काम शुरू होगा।

यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ : प्राथमिक विद्यालय के तीन बच्चों ने टॉफी जैसी दिखने वाली अनजान वस्तु खा ली, तबीयत बिगड़ी; जिला अस्पताल रेफर