विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में घर से भागी लड़की का अंतिम संस्कार, पिता ने फोटो रखकर चिता को आग दी; बोले- तेरहवीं भी करेंगे

Published: Mon, 28 Sep 2026 01:15 PM (IST)

प्रतापगढ़ में एक युवती के प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़े रहने से नाराज परिवार ने उससे रिश्ते तोड़ने का ऐलान कर दिया।

HighLights

  1. युवती प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ी रही।

  2. परिवार ने उससे रिश्ते तोड़ने का ऐलान किया।

  3. प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाल पुतले का अंतिम संस्कार किया।

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी युवती के जमीर को जगाने के लिए उसके घर वालों ने अजब-गजब कदम उठा लिया।

उससे रिश्ते तोड़ने का ऐलान करते हुए उसकी प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और पुतले पर उसकी फोटो रखकर का अंतिम संस्कार तक कर दिया। यह मामला इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना है।

(दैनिक जागरण ऐसे किसी वीडियो व उसके तथ्यों की पुष्टि नहीं करता) जिले के जेठवारा के एक गांव की एक युवती का गांव के ही दूसरी बिरादरी के युवक से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

महीने पहले युवती घर से हो गई थी लापता

इस बीच महीने भर पहले युवती अचानक घर से गायब हो गई। खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिवार ने अनहोनी की आशंका में पुलिस से शिकायत कर गुशुदगी की तहरीर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और युवती को गांव के ही प्रेमी युवक के साथ शनिवार को सकुशल बरामद कर लिया।

पिता के समझाने पर भी नहीं मानी बेटी

थाने में जब दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाया गया तो युवती ने बेबाकी से कहा कि वह युवक से प्यार करती है और अपनी पूरी जिंदगी उसी के साथ बिताएगी। स्वजन ने उसे अपना निर्णय वापस लेने के लिए समझाया, पर बेटी न मानी। इससे नाराज लड़की के स्वजन ने उससे सारे रिश्ते तोड़ने का ऐलान कर दिया।

पिता ने पुतला बनाकर निकाली शवयात्रा

यही नहीं, गांव लौटकर युवती का पुतला बनाकर उसकी शवयात्रा निकाली। अर्थी पर युवती की तस्वीर रखकर चिता में आग लगा दी। यह सब रविवार शाम को हुआ। परिवार के लोगों ने कहा है कि उसका श्राद्ध कर्म करेंगे और 13वें दिन तेरहवीं करेंगे। इस प्रकरण में पुलिस कुछ बाेलने से बचती रही।

यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ : बरसात में डूबा बकुलाही नदी का पुराना पैदल पुल, पानी से होकर शवयात्रा ले जानी पड़ रही; परेशानी में ग्रामीण