प्रतापगढ़ में इंटरसिटी एक्सप्रेस से कटकर 30 बकरियों की मौत, 3 महिलाएं बाल-बाल बचीं
प्रतापगढ़ में इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 30 बकरियों की मौत हो गई, जिससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
HighLights
इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 30 बकरियों की मौत।
प्रतापगढ़ के हथिगवां में हुई घटना, महिलाएं बाल-बाल बचीं।
पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान, आरपीएफ ने की जांच।
संवाद सूत्र, प्रतापगढ़। इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 30 बकरियों की मौत हो गई। जबकि, बकरियों की झुंड इधर-उधर भागती रहीं। संयोग ही रहा कि बकरियां चरा रहीं महिलाएं बाल-बाल बच गईं।
सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने मामले की जांच की। करीब 10 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। आरपीएफ मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना से पशुपालकों का काफी नुकसान हो गया।
हथिगवां के कृष्णा राम का पुरवा बिसहिया के पास रेलवे फाटक के समीप बुधवार सुबह 11 बजे कुछ महिलाएं बकरियां चरा रहीं थीं। इस दौरान तेज बारिश भी हो रही थीं। बरसात होने पर महिलाएं उसे लेकर घर जा रही थीं।
तीन महिलाएं बाल-बाल बचीं
इस दौरान प्रयागराज-लखनऊ रेलवे लाइन पर अचानक लखनऊ से प्रयागराज को जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस आ गई। उसकी चपेट में आने से 30 बकरियों की कटकर मौत हो गई। गेटमैन की सतर्कता से तीनों महिलाओं की जान बच गई।
हादसे की जानकारी होने पर गांव के भी तमाम लोग आ पहुंचे। बकरियों को देख अशोक सरोज और होरी बिलख पड़े। दोनों पशुपालकों की आजीविका बकरियों के पालन पर निर्भर थी। एक साथ करीब 30 बकरियों की मौत से उन्हें आर्थिक झटका लगा है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। घटना स्थल की जांच की। मृत बकरियों के शव को हटवाकर ट्रैक खाली कराया। करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को आगे रवाना कराया गया। एसएचओ हथिगवां सत्येंद्र सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से बकरियों की मौत हुई है। घटना की जांच की जा रही है।
