विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ में मतांतरण करने पर 22 लोगों पर मुकदमा से खलबली, आरोपि‍यों में एक ही परिवार के तीन सगे भाई भी शाम‍िल

Published: Tue, 28 Apr 2026 10:07 PM (GMT+05:30)

प्रतापगढ़ में मतांतरण के आरोप में 22 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक महीने पहले दिए ...और पढ़ें

सांकेत‍िक तस्‍वीर।

सांकेत‍िक तस्‍वीर।

HighLights

  1. प्रतापगढ़ में 22 लोगों पर मतांतरण का मुकदमा।

  2. यूपी विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन अधिनियम के तहत कार्रवाई।

  3. चंगाई सभा के नाम पर मतांतरण के आरोप।

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जनपद में मतांतरण करने का मामला सामने आया है। एक महीने पहले दिए गए प्रार्थना पत्र की उच्च स्तरीय जांच के उपरांत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को 22 लोगों पर धारा 173 बीएनएसएस के तहत उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 की धारा 3, 5(1) व 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों में रानीगंज संडिला के एक ही परिवार के तीन सगे भाई शामिल हैं। वादी ने खुद की मां, चाचा पर भी केस कर कराया है। एक साथ इतने लोगों के मतांतरण का मामला सामने आने पर लोगों में खलबली मची हुई है।


मानधाता के अहिना बहरिया निवासी अरविंद कुमार ने एक महीने पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी दीपक भूकर को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसकेेे चाचा बसंत लाल, उसकी मां निर्मला देवी, भयाहू सरला, चचेरे भाई राजेश कुमार समेत छह लोगों ने मतांतरण कर लिया है।

बसंत के घर पर प्रार्थना सभा होती है, जिसमेंं रानीगंज के संडीला के 16 लोग शामिल होते हैं। इन लोगों ने भी मतांतरण कर लिया है। आरोप लगाया था कि संडीला का मनोज कुमार पिछले कई वर्षों से मतांतरण कराने के लिए सभाएं करता है। लोगों को प्रेरित भी करता है। एसपी ने इसकी जांच एडिशनल पश्चिमी को सौंपी थी।

एडिशनल ने कई लोगों का बयान और हलफनामा लिया। इसके उपरांत अपनी रिपोर्ट दी। उसके बाद सोमवार शाम को मानधाता पुलिस ने संडिला भीटरिया रानीगंज निवासी तीन सगे भाई मनोज कुमार गौतम, रमेश कुमार गौतम, दिनेश कुमार गौतम पुत्र अवधेश कुमार गौतम, अवधेश की पत्नी रामरति, अवधेश की पुत्री पारो, रमेश की पत्नी कल्पना, सुरेंद्र पुत्र भगौती प्रसाद, करन पुत्र सुरेंद्र, समीर पुत्र नीरज, रीता देवी पत्नी सुरेंद्र, दिलीप पुत्र रामपाल, सुधा पत्नी धर्मेंद्र, अजय कुमार, सोनू केे साथ ही उगईपुर रानीगंज निवासी प्रदीप गौतम, रामनगर रानीगंज निवासी सुरेंद्र पुत्र पिरथी लाल, बहरिया अहिना मानधाता निवासी वादी की मां निर्मला देवी पत्नी स्व. संत लाल, वादी केे भाई की पत्नी सरला देवी, वादी के चाचा बसंत लाल, राजेश कुमार पुत्र बसंत लाल, कंचन देवी पत्नी प्रमोद कुमार तथा प्रमिला देवी पत्नी रामजी के खिलाफ केस दर्ज कर किया।

सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर और गहनता से मामले की जांच की जा रही है। जांच में मतांतरण में संलिप्तता मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

चंगाई सभा से बेल्हा चर्चाओं में, कार्रवाई भी

जनपद में कई बार चंगई सभा में मतांतरण करने को लेकर मामले सामने आए हैं। मगर पहली बार इस तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया है। जुलाई 2025 में जेठवारा थाना क्षेत्र के काछा दुबे का पुरवा गांव में पुलिस ने छापेमारी की थी। वहां चंगाई सभा के नाम पर मतांतरण कराया जा रहा था। पुलिस ने एक महिला समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। मौके से धार्मिक पोस्टर, क्रास, साहित्य और ईसा मसीह की तस्वीरें बरामद हुई थीं।

जुलाई 2025 में ही कुंडा इलाके के हथिगवां के चनपुरवा गांव में चंगाई सभा में मतांतरण के आरोप में चार महिलाओं को हिरासत में लेकर जेल भेजा दिया गया था। हिंदू संगठनों ने प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया था। अक्टूबर 2025 में आर्थिक तंगी और बीमारी का फायदा उठाकर मतांतरण कराने के बाद, चार परिवार सच्चाई पता चलने पर वापस सनातन धर्म में लौट आए थे।

फरवरी 2026 में जेठवारा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसे 10 साल तक बंधक बनाकर रखा गया, मजदूरी कराई गई और जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया था। इसके अलावा भी अन्य तहसीलों में चंगाई सभा को लेकर कई बार पुलिस सख्ती दिखा चुकी है।

यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में बड़ी घटना, मंगेतर ने युवती को पानी में मिलाकर पिलाया जहर; हालत बिगड़ी तो अस्पताल में भर्ती