प्रतापगढ़ में बड़ी घटना, मंगेतर ने युवती को पानी में मिलाकर पिलाया जहर; हालत बिगड़ी तो अस्पताल में भर्ती
प्रतापगढ़ में एक मंगेतर ने अपनी होने वाली पत्नी को धोखे से पानी में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ में मंगेतर ने युवती को धोखे से जहर पिलाकर जान से मारने का प्रयास किया।
HighLights
प्रतापगढ़ में सनसनीखेज मामला, दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज
चंदिकन धाम में युवती के साथ गए उसके पिता को कर दिया था वापस
संसू, जागरण, दीवानगंज (प्रतापगढ़)। जनपद में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक युवती की शादी अगले माह यानी मई में होने वाली है। उसके मंगेतर ने उसे चंदकन धाम में मुलाकात के लिए बुलाया। उसके साथ पिता भी गए थे, जिन्हें वापस भेज दिया। मंगेतर जान लेने की नीयत से धोखे से युवती को पानी में जहर मिलाकर पिला दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कंधई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी अंतू के दांदूपुर अहिवरन गांव निवासी रामलाल के पुत्र सचिन पटेल के साथ तय हुई। शादी मई में होनी है। आरोप है कि सोमवार को सचिन ने उनकी बेटी को फोन कर चंदिकन धाम में मिलने के लिए बुलाया। सोमवार दोपहर एक बजे पिता बाइक से बेटी को लेकर चंदिकन धाम पहुंचे।
वहां मौजूद सचिन पटेल व उसके साथी ने युवती के पिता से कहा कि आप घर जाइए। मैं शाम तक बेटी को घर छोड़ दूंगा। आरोप है कि घर लौटने के दौरान रास्ते में सचिन ने बिसलेरी की पानी की बोतल में जहरीला पदार्थ मिलाकर युवती को बहाने से पिला दिया और शाम सवा छह बजे घर पर छोड़कर चला गया।
घर पहुंचने के कुछ देर बाद बेटी की हालत बिगड़ने लगी तो उसने बताया की रास्ते में आते समय पानी पीने के लिए उसने मांगा था। उसे उपचार के लिए सीएचसी बेलखरनाथ धाम ले जाया गया, वहां से उसे राजा प्रताप बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में एसओ कंधई आदित्य सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात युवती के पिता की तहरीर पर अंतू के दांदूपुर अहिवरन गांव निवासी सचिन पटेल व कंधई के कैरी गांव निवासी राजेश पटेल के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
