Move to Jagran APP

दीवानी न्यायालय के बाहर सपाइयों पर पुलिस ने भांजी लाठी

सपा जिलाध्यक्ष को जेल जाते समय गाड़ी रोकने का प्रयास कर रहे सपाइयों पर पुलिस ने लाठी भांजी जिससे भगदड़ मच गई। इसके पूर्व कोर्ट परिसर में घुसने को लेकर सपाइयों ने पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की की।

By JagranEdited By: Published: Sat, 12 Sep 2020 11:15 PM (IST)Updated: Sun, 13 Sep 2020 05:01 AM (IST)
दीवानी न्यायालय के बाहर सपाइयों पर पुलिस ने भांजी लाठी
दीवानी न्यायालय के बाहर सपाइयों पर पुलिस ने भांजी लाठी

सपा जिलाध्यक्ष को जेल जाते समय गाड़ी रोकने का प्रयास कर रहे सपाइयों पर पुलिस ने लाठी भांजी, जिससे भगदड़ मच गई। इसके पूर्व कोर्ट परिसर में घुसने को लेकर सपाइयों ने पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की की।

loksabha election banner

मानिकपुर थाना क्षेत्र के बुलाकीपुर गांव की अनुसूचित जाति की गायत्री देवी पत्नी अर्जुन के घर धावा बोलकर की गई मारपीट के मामले में पुलिस सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव और उसके गार्ड राम सिंह यादव को गिरफ्तार करके शनिवार शाम चार बजे दीवानी न्यायालय में पेश करने आई थी। इस दौरान दीवानी न्यायालय परिसर के बाहर सपाइयों का जमावड़ा लग गया। सपाइयों ने कोर्ट परिसर में घुसने के लिए पुलिस कर्मियों से धक्कामुक्की की। बवाल की आशंका पर तीन थानों की फोर्स सहित शहर के सभी चौकी इंचार्ज बुला लिए गए। सीओ कुंडा व एएसपी पश्चिमी दिनेश चंद्र द्विवेदी भी न्यायालय परिसर पहुंच गए।

कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव को लेकर जेल जाने लगी। पीडब्ल्यूडी तिराहा गेट पर भीड़ देखकर जिला जज न्यायालय के गेट की ओर से पुलिस कर्मी निकलने लगे। इतने में सपाई भागकर जिला जज न्यायालय गेट पर पहुंचे और पुलिस की गाड़ी को रोकने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने सपाइयों पर लाठी भांजनी शुरू कर दी। उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भागने के दौरान दो-चार सिपाही गिर पड़े। मौके पर भगदड़ मच गई। कुछ सपा कार्यकर्ता भी चुटहिल हो गए। इसके बाद पुलिस कर्मी जिलाध्यक्ष व उनके निजी गार्ड को लेकर जेल चले गए।

इस दौरान दीवानी न्यायालय परिसर में पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह यादव मुन्ना, जिला उपाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी, वासिक खान, विजय यादव, पूर्व चेयरमैन गुलशन यादव, मीडिया प्रभारी मनीष पाल, हरीश शुक्ला, अनीश खान, गुलफाम खान, जगदीश मौर्या, रामअवध यादव काका, फारुक खान, अब्दुल हई, अहमद अली, प्यारेलाल खैरा आदि मौजूद रहे। सपाइयों ने जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी की निदा की है। कहा कि राजनीतिक साजिश के तहत जिलाध्यक्ष को फंसाया गया है। प्रदेश सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को फर्जी मुकदमों में फंसाकर उत्पीड़न कर रही है। कोर्ट परिसर के बाहर सपाइयों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसकी निदा की जाती है। उधर, सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव की गिरफ़्तारी की जानकारी होते ही मानिकपुर थाने के बाहर सपाइयों का जमावड़ा लग गया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.