Move to Jagran APP

अनुज भरत से मिले प्रभु राम, अयोध्या में छा गया उल्लास

भरत सरिस को राम सनेही जगु जप राम रामु जप जेही।। गोस्वामी तुलसी दास की यह चौपाई नगर के भरत मिलाप में चरितार्थ हो गई। रावण सहित उसके अहंकार को नष्ट करने के बाद भगवान राम 14 बरस के उपरांत अयोध्या लौटे तो उल्लास छा गया। हर कोई आह्लादित हो गया। मन का मयूर नाच उठा। प्रिय अनुज भरत को गले से लगाया तो दोनों के नयन सजल हो गए। भाइयों का यह निश्छल प्रेम देख पूरा अवध भावुक हो गया।

By JagranEdited By: Published: Mon, 18 Oct 2021 11:36 PM (IST)Updated: Mon, 18 Oct 2021 11:36 PM (IST)
अनुज भरत से मिले प्रभु राम, अयोध्या में छा गया उल्लास
अनुज भरत से मिले प्रभु राम, अयोध्या में छा गया उल्लास

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़ : भरत सरिस को राम सनेही, जगु जप राम रामु जप जेही।। गोस्वामी तुलसी दास की यह चौपाई नगर के भरत मिलाप में चरितार्थ हो गई। रावण सहित उसके अहंकार को नष्ट करने के बाद भगवान राम 14 बरस के उपरांत अयोध्या लौटे तो उल्लास छा गया। हर कोई आह्लादित हो गया। मन का मयूर नाच उठा। प्रिय अनुज भरत को गले से लगाया तो दोनों के नयन सजल हो गए। भाइयों का यह निश्छल प्रेम देख पूरा अवध भावुक हो गया।

loksabha election banner

सोमवार को भोर में नगर के चौक घंटाघर पर हजारों लोग भरत मिलाप के इस महोत्सव के साक्षी बने। जयकारे लगाए। आरती के स्वर से स्वर ऐसे मिले कि महास्वर बन गए। भगवान के आगमन व उनसे मिलने की भरत की आतुरता को देख लोग सहज ही राम चरित मानस की यह पंक्तियां गुनगुना उठे..आए भरत संग सब लोगा। कृस तन श्रीरघुबीर बियोगा। धाइ धरे गुर चरन सरोरुह। अनुज सहित अति पुलक तनोरुह। भेंटि कुसल बूझी मुनिराया। हमरें कुसल तुम्हारिहि दाया। सकल द्विजन्ह मिलि नायउ माथा। धर्म धुरंधर रघुकुलनाथा। गहे भरत पुनि प्रभु पद पंकज। नमत जिन्हहि सुर मुनि संकर अज। शाम से लेकर रात तक कई बार पानी बरसने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ । मेला क्षेत्र में हर तरफ कीचड़ और फिसलन होने के पर भी लोग नहीं हिचके। लोगों ने आस्था के महापर्व मैं सहभागिता निभाई। रातभर चौकियों और दलों के आकर्षक प्रदर्शन का आनंद लेने के बाद हजारों लोग अपने आप ही भोर में चौक के चारों ओर एकत्रित हो गए। इसके बाद भोर में छह बजे चारों भाइयों समेत हनुमान जी और सीता जी को चौक घंटाघर पर बने मंच पर आसीन किया गया। प्रभु राम ने राजगद्दी पर खड़ाऊं रखकर अपनी प्रतीक्षा कर रहे भरत को गले से लगाकर भाइयों में प्रेम और त्याग की भावना का संदेश दिया।। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ नितिन बंसल, पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, अतिथि के रूप में समाजसेवी प्रज्ञा सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, ब्लाक प्रमुख मंगरौरा राजीव प्रताप सिंह नंदन समेत अतिथियों अधिकारियों ने भगवान की आरती उतारी। रामलीला समिति के संरक्षक रोशन लाल ऊमरवैश्य, अध्यक्ष श्याम शंकर सिंह, मंत्री विपिन गुप्ता, उपाध्यक्ष संजय खंडेलवाल, रवि अग्रवाल, संयोजक दिनेश प्रताप दिन्नू, कोषाध्यक्ष मनीष गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, सपा नेता अश्वनी सोनी, सैलून एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा और प्रदीप केसरवानी समेत लोगों ने पूजन किया। इसके बाद समवेत रूप से आरती का गायन किया गया। ओम जय जगदीश हरे..की गूंज से वातावरण भक्ति से भर गया। आचार्य आलोक मिश्रा और विक्की महाराज ने मंत्रोच्चार किया। पूरा नगर भगवान के जयकारों से गूंजने लगा। चौक के चारों ओर खड़े हजारों लोग फूलों की वर्षा करने लगे। सुरक्षा को लेकर पूरे मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.