अब परिषदीय प्राइमरी स्कूलों में भी खोली जाएगी लाइब्रेरी
प्रतापगढ़ प्राइमरी स्कूलों में अभी तक पुस्तकालय जैसी कोई व्यवस्था नहीं थी। शासन के निर्देश पर अब प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों में लाइब्रेरी बनाई जाएगी।
प्रतापगढ़ : प्राइमरी स्कूलों में अभी तक पुस्तकालय जैसी कोई व्यवस्था नहीं थी। शासन के निर्देश पर अब सभी प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों में लाइब्रेरी खोली जा रही है। इससे परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले नौनिहालों के व्यक्तित्व का विकास होगा। उन्हें देश के महापुरुषों के बारे में जानकारी मिलने के साथ ही अन्य ज्ञानवर्धक जानकारी भी किताबों के जरिए मिल सकेगी।
यह पुस्तकालय सभी प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों में स्थापित किया जाएगा। पुस्तकालय में बालोपयोगी एवं ज्ञानवर्धक किताबों का संग्रह किया जाएगा। स्कूलों में पुस्तकाल के लिए किताबें खरीदने को प्रतापगढ़ जिले को एक करोड़ 73 लाख 90 हजार की धनराशि शासन की ओर से मुहैया कराई गई है। हालांकि अभी तक पुस्तकालयों के लिए किताबें नहीं खरीदी जा सकी हैं। पुस्तकालय के लिए पुस्तकें खरीदने को प्रत्येक प्राथमिक विद्यालयों में पांच हजार रुपये व जूनियर विद्यालयों में 10 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। जिले में 2034 प्राथमिक विद्यालय व 722 जूनियर विद्यालय हैं। इन सभी स्कूलों में लाइब्रेरी खोली जानी है। शासन की ओर से निर्धारित प्रकाशक की किताबें ही इनमें रखी जाएंगी। इसके पीछे तर्क है कि उनकी किताबें अच्छी व सस्ती हैं। बीएसए ने बताया कि महापुरुषों की जीवनी, प्रेरक कहानियों से जुड़ी किताबें स्कूलों की लाइब्रेरी में रहेंगी।
बीएसए अशोक कुमार सिंह का कहना है कि जिले के सभी प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों में लाइब्रेरी खोली जाएगी। शासन की ओर से बेहतर किताबों के लिए प्रकाशक निर्धारित किए गए हैं। प्रकाशक से बात हो गई है, जल्द ही उनकी किताबें उपलब्ध हो जाएंगी। जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इसके लिए निर्देश दिए गए हैं।