डीएम के निरीक्षण में क्रय केंद्र से गायब मिले लेखपाल
डीएम सोमवार को विपणन केंद्र सदर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम डा. रूपेश कुमार ने केंद्र प्रभारी श्यामू मिश्रा से अब तक क्रय किए गए धान के प्रगति की जानकारी ली। केंद्र प्रभारी के अनुसार लक्ष्य 1
संवाद सूत्र, प्रतापगढ़ : डीएम सोमवार को विपणन केंद्र सदर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम डा. रूपेश कुमार ने केंद्र प्रभारी श्यामू मिश्रा से अब तक क्रय किए गए धान के प्रगति की जानकारी ली। केंद्र प्रभारी के अनुसार लक्ष्य 18 हजार के सापेक्ष अब तक केंद्र पर 581 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। डीएम ने केंद्र प्रभारी से ड्यूटी पर लगाए गए लेखपाल के संबंध में जानकारी ली तो बताया गया कि वह केंद्र पर मौजूद नहीं हैं। जिलाधिकारी ने लेखपाल उमाकांत मिश्रा के वेतन भुगतान पर रोक लगाकर स्पष्टीकरण मांगने के लिए एडीएम शत्रोहन वैश्य को निर्देशित किया। इसके बाद डीएम पीसीएफ केंद्र फेनहा का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने केंद्र प्रभारी सौरभ पांडेय से खरीद किए गए धान की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि लक्ष्य 16 हजार के सापेक्ष अभी तक 672.70 कुंतल धान की खरीद हुई है। डीएम ने मशीन से छने हुए धान की गुणवत्ता को भी परखा। डीएम ने केंद्र प्रभारियों को धान खरीद के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि केंद्र पर किसानों के हाथ धुलने के लिए साबुन व सैनिटाइजर उपलब्ध रहना चाहिए। धान विक्रय करने के लिए जो किसान केंद्र पर आ रहे हैं वह मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। फिजिकल डिस्टेंसिग का पालन कराया जाए। डीएम ने केंद्र पर उपस्थित किसानों से कहा कि धान की कटाई के उपरांत बची पराली को खेतों में कदापि न जलाएं। यदि पराली जलाने की शिकायत मिली तो संबंधित किसान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डिप्टी आरएमओ अजीत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
---
संभागीय खाद्य नियंत्रक अचानक पहुंचे क्रय केंद्र
संसू, प्रतापगढ़ : प्रयागराज मंडल के संभागीय खाद्य नियंत्रक देवराज यादव सोमवार को शाम पांच बजे अचानक पीसीएफ के क्रय केंद्र फेनहा का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। उन्होंने केंद्र प्रभारी सौरभ पांडेय से खरीद के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि धान की खरीद गति पकड़ने लगी है। संभागीय खाद्य नियंत्रक ने कहा कि खरीद में और तेजी लाई जाए। किसानों के केंद्र पर पहुंचने के बाद तत्काल उनका धान खरीदा जाए। उनको परेशान न किया जाए। निर्धारित समय के भीतर उनका पैसा उनके खाते में भेजा जाए। खासकर करके केंद्रों पर कोविड-19 का पालन जरूर किया जाए। खरीदे गए धान का उठान भी समय से कराएं। निरीक्षण के दौरान अफसर ने डिप्टी आरएमओ अजीत त्रिपाठी से भी खरीद के बारे में जानकारी लिए। वहीं पीसीएफ के केंद्र सरायबहलिया का भी औचक निरीक्षण किया। वहां पर मौजूद दो किसानों से धान क्रय के बारे में जानकारी ली। केंद्र प्रभारी के बारे में पूछा तो पता चला कि वह आवश्यक कार्य से अवकाश लिए हैं।