गोपियों संग नाचे कृष्ण मुरारी
प्रतापगढ़ नगर के आवास विकास कालोनी मीराभवन में नवदुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष भी पंडाल लगाया गया जहां श्रीकृष्ण ने गोपियों संग नृत्य किया।
जासं, प्रतापगढ़ : नगर के आवास विकास कालोनी मीराभवन में नवदुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष भी पंडाल सजाया गया। इसमें दुर्गा जी की भव्य प्रतिमा स्थापित कर पूजन किया जा रहा है। शनिवार की रात भगवती जागरण में भक्ति गीतों की गंगा बह चली। लोक गायक रवि शंकर मिश्र के संचालन में राजू शर्मा, ज्ञानेंद्र तिवारी, इंद्र कुमार, सिगर विवेक सिंह, सखावत हुसैन, डब्बू शर्मा, बब्लू शर्मा, योगिता यादव, प्रियंका, स्वाती, तेजस्वी, संजू यादव आदि कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राधा और गोपियों के संग भगवान कृष्ण का नृत्य देखकर लोगों को वृंदावन धाम का एहसास हुआ। सुदामा और भगवान कृष्ण की मित्रता और 56 भोग नृत्य का भावपूर्ण मंचन सराहा गया। देर रात तक धूम मची रही। महिलाओं ने भी जयकारे लगाए। पूर्व विधायक हरि प्रताप सिंह भी कलाकारों और समिति का हौसला बढ़ाने के लिए पहुंचे।
--
रामपुर भेड़ियानी में होगी रामकथा
जासं, प्रतापगढ़ : भगवान राम की कथा का आयोजन इस वर्ष भी लक्ष्मणपुर क्षेत्र के रामपुर भेड़ियानी गांव में होगा। कथा 29 अक्टूबर से छह नवंबर तक होगी। कथा व्यास बद्रीनाथ धाम के गोविद भाई महाराज होंगे। इसके लिए रामकथा आयोजन समिति का गठन किया गया है। अध्यक्ष शिव मूरत तिवारी, महामंत्री कृष्ण देव शुक्ला बनाए गए हैं। मानव कल्याण सेवा संस्थान द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम जनकल्याण के लिए हो रहा है। यह जानकारी प्रबंधक श्याम शंकर पांडेय ने दी।
---
भक्ति गीतों की मची धूम
जासं, प्रतापगढ़ : सदर क्षेत्र के बिहारगंज में नवल दुर्गा पूजा समिति द्वारा रंगारंग कार्यक्रम हो रहे हैं। संयोजक आदर्श जायसवाल ने बताया कि यहां पर नवरात्र के प्रथम दिन से नवल डांस प्रतियोगिता हो रही है। इसमें केवल भक्ति गीतों पर ही नृत्य प्रस्तुत हो रहे हैं। इसमें विजेता को समिति पुरस्कार देगी। इस आयोजन का मकसद ग्रामीण प्रतिभाओं को सामने लाना और उनमें भक्ति भावना पैदा करना है।