आइएएस अधिकारी के माता-पिता से मारपीट, मामा पर मुकदमा
प्रतापगढ़ शहर के सिविल लाइंस स्थित सिटी पैलेस में संपत्ति पर कब्जे को लेकर आइएएस अधिकारी
प्रतापगढ़ : शहर के सिविल लाइंस स्थित सिटी पैलेस में संपत्ति पर कब्जे को लेकर आइएएस अधिकारी अभय सिंह के माता-पिता से गुरुवार रात में मारपीट की गई। आइएएस अधिकारी के पिता अमरेंद्र बहादुर सिंह की तहरीर पर नगर कोतवाली में उनके साले रवि प्रताप सिंह, उनके बेटे अंशुमान, मुन्ना, विजय सिंह, अरविद तिवारी सहित आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बलवा, मारपीट, धोखाधड़ी, जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा लिखा गया है।
अमरेंद्र बहादुर सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके साले सहित आठ लोगों ने गुरुवार देर रात उन पर हमला किया। उन्हें और उनकी पत्नी को मार-पीट कर घर खाली करने की धमकी दी। उधर, आइएएस अधिकारी के मामा रवि प्रताप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके बहनोई अमरेंद्र बहादुर सिंह, उनके बेटे अभय सिंह, बहू, पत्नी व अन्य पांच लोगों के साथ गुरुवार रात साढ़े नौ बजे उनके रेस्टोरेंट में पहुंचे और उन्हें मारा-पीटा। आरोप है अभय सिंह ने पिस्टल निकाल ली। उनके बेटे व रेस्टोरेंट के कर्मचारियों को भी दौड़ा लिया। एसपी अभिषेक सिंह का कहना है कि जिस पक्ष को चोट लगी, उसका मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है।
आइएएस अधिकारी के पिता के घर पर पुलिस तैनात : संपत्ति को लेकर हुई घटना के मामले में आइएएस अधिकारी अभय सिंह के पिता के घर दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न होने पाए। साथ ही पुलिस अधिकारी इस पूरे मामले को लेकर नजर जमाए हुए हैं।
गुरुवार रात जब घटना की सूचना पुलिस को मिली तो एएसपी पश्चिमी दिनेश कुमार द्विवेदी, कोतवाल सुरेंद्रनाथ आननफानन में मौके पर पहुंचे। आइएएस अधिकारी के पिता अमरेंद्र सिंह से घटना की जानकारी लेने के बाद जिला अस्पताल में उनका मेडिकल कराया। इसके बाद उनके घर पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से दो पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।
पिता की बनाई है पूरी संपत्ति : अभय
आइएएस अधिकारी अभय सिंह का पैतृक गांव सदर ब्लाक का पचखरा है। संपत्ति पर कब्जे को लेकर छिड़े विवाद पर अभय सिंह ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि उनके पिता इंजीनियर थे। ड्यूटी के दौरान वह हमेशा बाहर ही रहे। सिटी पैलेस होटल और होटल परिसर स्थित मकान भी उनका है। होटल की देख-रेख की जिम्मेदारी उन्होंने अपने मामा रवि सिंह को दी थी। अब पिता रिटायर होने के बाद अपने घर में रहना चाहते हैं तो रवि सिंह मारपीट कर रहे हैं। धमकी दे रहे हैं। गुरुवार की रात उनके ड्राइवर के परिवार के कुछ लोग आए थे। उन्हें खाना खिलाने के लिए ड्राइवर रेस्टोरेंट में गया था तो उसे रवि सिंह ने भगा दिया था। जानकारी होने पर पिता रेस्टोरेंट में गए तो उनके साथ रवि सिंह, उनके बेटे समेत अन्य लोगों ने मारपीट की। जिससे उनके चेहरे पर चोटें हैं।
सिर्फ छह बिस्वा है बहनोई का हिस्सा : रवि
आइएएस अधिकारी अभय सिंह के मामा रवि प्रताप सिंह का कहना है कि जिस संपत्ति पर मेरे बहनोई, भांजा दावा कर रहे हैं, वह पूरी संपत्ति उनकी है। बहनोई का हिस्सा सिर्फ छह बिस्वा है, लेकिन पद का फायदा उठाकर अभय सिंह और उनके परिजनों ने मकान पर कब्जा कर लिया है। गुरुवार रात रेस्टोरेंट में उनसे गाली-गलौच और मारपीट की गई। अभय सिंह ने जान से मारने के लिए पिस्टल तान दी। अगर वह पूरी संपत्ति पर दावा कर रहे हैं तो उसका रिकार्ड दिखाएं।