कुंडा राम कथा में पहुंची हनुमान अंश की टीम, शोभिनव सत्य ने धीरेन्द्र शास्त्री को सुनाया- मैंने तेरे ही भरोसे…
कुंडा में चल रही राम कथा के दूसरे दिन हनुमान अंश की टीम पहुंची, जहां अभिनेता शोभिनव सत्य ने धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लिया और गीत सुनाया।

श्रीराम कथा के पंडाल में विधायक चंदौली सुशील सिंह और पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह के बीच में हनुमान अंश के अभिनेता। जागरण
HighLights
हनुमान अंश टीम ने कुंडा राम कथा में धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात की।
कथावाचकों ने सनातन धर्म की रक्षा और हिंदू जागरण पर जोर दिया।
मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। बेंती में चल रही श्रीराम कथा के दूसरे दिन हनुमान अंश की टीम भी कथा का रसपान करने पहुंची। फिल्म के कलाकार शोभिनव सत्य ने कलाकारों के साथ कथा समाप्त होने तक कथा का रसपान किया और कथा के अंत में पीठाधीश्वर पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मिलकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने फिल्म के मुख्य गीत... मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नइया डार दई...को गाकर सुनाया।
यह चुप रहने का नहीं, डटकर जवाब देने का समय: नागेंद्र
बृज के कथावाचक नागेंद्र जी महाराज ने कहा कि मैं बृज भूमि से आया हूं। जहां भगवान ने अनंत लीलाएं की हैं। भारत राम-कृष्ण और ऋषियों का देश है। यहां पर भगवान के मंदिर और देवालय हैं। उन्होंने कहा कि जब मंदिर-देवालय थे, तब औरंगजेब और बाबर जैसे लोग आए और मंदिरों को लूटने का प्रयास किया।
आज लोगों के पेट में दर्द हो रहा है कि सनातन ध्वजा बागेश्वर पीठाधीश्वर देशभर में फहरा रहे हैं। अब चुप रहने का समय नहीं, डटकर जवाब देने का समय है। हमारे पास शास्त्र और शस्त्र दोनों हैं। उन्होंने कहा कि बहुत बड़ी साजिश चल रही है भारत को इस्लामिक देश बनाने की। अब हिंदू जागृत हैं, वह अपमान नहीं सहेंगे। मंच से उन्होंने हुंकार भरी-संतों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।
सनातन को छूने वाले मिट जाएंगे
प्रखर सनातनी डाॅ. पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने कहा कि सनातन को समाप्त करने वालों की नस्लें मिट जाएंगी। वह सनातन को छू नहीं सकते। सारे धर्म बराबर हैं, यह कहना झूठ है। जब से ब्रह्मांड है तब से सनातन है और यही रहेगा। मजहब आते रहते हैं, मरते रहते हैं, लेकिन धर्म शाश्वत है। बच्चा-बच्चा सनातनी हो गया है। जाति की दुकानें देश में खुली हैं। योद्धाओं का इतिहास नहीं पढ़ाया जाता तो योद्धा पैदा नहीं होते। बलिया के मंगल पांडेय ने अंग्रेज को मार दिया। तब जातिगत जनगणना शुरू हुई। मां के पेट से नहीं, कर्म से जाति तय होती है। जाति की लाइन को खत्म करें।
जल्द टूटेगा गुंबद, मथुरा में बनेगा मंदिर
जिले के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि वृंदावन में रहना है तो राधे-राधे कहना है। मथुरा में मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि मथुरा में 100 प्रतिशत नहीं, एक करोड़ प्रतिशत मंदिर बनेगा। जब मैं मथुरा गया था तो मेरा मन हुआ कि गुंबद पर चढ़कर कुदाल से उसे तोड़ दूं। संवैधानिक पद पर होने के कारण ऐसा नहीं कर पाया। जल्द ही गुंबद ट्रटेगा और मथुरा में भव्य मंदिर बनेगा।
राजनेताओं से लेकर संतों का जमावड़ा
राम कथा में अनेक जनप्रतिनिधि व संत पहुंचे। मुख्य रूप से राजस्थान के शिव विधानसभा से विधायक रवींद्र सिंह भाटी, चंदौली के सैयदराजा से विधायक सुशील सिंह, कानपुर के बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा, विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह रिशु, उत्तराखंड के खानपुर विधायक उमेश कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री मोती सिंह, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य वाराणसी बृजेश सिंह, पूर्व सांसद जौनपुर धनंजय सिंह, रघुराज प्रताप के दोनों पुत्र शिवराज प्रताप सिंह व बृजराज प्रताप सिंह आदि रहे। वहीं, फिल्म अभिनेता एवं बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह ने मंच पर भजन सुनाया। साथ ही जयकारे लगवाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।