वांछितों की गिरफ्तारी में हीलाहवाली क्षम्य नहीं : एएसपी
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने सोमवार को दोपहर में फतनपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वांछितों की गिरफ्तारी में हीलाहवाली क्षम्य नहीं है।
संसू, गौरा : अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने सोमवार को दोपहर में फतनपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वांछितों की गिरफ्तारी में हीलाहवाली क्षम्य नहीं है।
दोपहर में करीब एक बजे फतनपुर थाने पहुंचे एएसपी ने सबसे पहले थाना परिसर की साफ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। थाने के भोजनालय कार्यालय, महिला महिला हेल्प डेस्क केंद्र आदि का विधिवत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क केंद्र पर महिला आरक्षी से फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण आदि के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अभिलेखों का विधिवत निरीक्षण किया। अभिलेखों के रखरखाव को ठीक करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष व उप निरीक्षकों को उन्होंने निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करें। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए। इसमें हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी। थाना क्षेत्र में अपराध पर पूरी तरीके से अंकुश रहना चाहिए अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। बाजारों व चौराहों पर शाम को पूरी सतर्कता रखी जाए और गश्त में तेजी लाई जाए। बैंक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाए। उन्होंने थानाध्यक्ष फतनपुर को निर्देशित किया कि जब भी फरियादी थाने पर अपनी समस्या लेकर आए तो उनकी समस्या को गंभीरता से लिया जाए। करीब एक घंटे तक थाने में रुके अपर पुलिस अधीक्षक यहां विधिवत निरीक्षण में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीओ डा. अतुल अंजान त्रिपाठी, थानाध्यक्ष गणेश प्रसाद सिंह, उपनिरीक्षक शालिग प्रसाद पाठक, विनय सिंह, संजय यादव भी मौजूद रहे।