30 को आएंगी राज्यपाल, तैयारियों में जुटा प्रशासन
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल 30 नवंबर को जिले के भ्रमण पर आ रही हैं। राजभवन से उनके यहां भ्रमण के संबंध में आवश्यक जानकारी जिला प्रशासन से मांगी गई है। राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा तैयारी में जुट गया है।
संसू, प्रतापगढ़ : राज्यपाल आनंदी बेन पटेल 30 नवंबर को जिले के भ्रमण पर आ रही हैं। राजभवन से उनके यहां भ्रमण के संबंध में आवश्यक जानकारी जिला प्रशासन से मांगी गई है। राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा तैयारी में जुट गया है।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 30 नवंबर को जिले के दौरे पर आ रही हैं। जिला प्रशासन की तरफ से तीन स्थानों के भ्रमण का प्रस्ताव भेजने की तैयारी की गई है। इसमें जिले के रानीगंज, शहरी क्षेत्र व महेशगंज को प्रशासन ने चिह्नित किया है। इसकी जानकारी शासन को भेजने की तैयारी है। राज्यपाल के आने की सूचना से प्रशासनिक अफसरों में खलबली मची हुई है। राज्यपाल के सख्त रवैये की उनकी इमेज के कारण प्रशासनिक मशीनरी कोई कमी न रह जाए, इन सबके मद्देनजर पूरी ताकत से जुट गई है। राज्यपाल आंगनबाड़ी केंद्र और एएनएम सेंटर का निरीक्षण करेंगी। इसके अलावा वह चौपाल के जरिए ग्रामीणों से बात भी करेंगी। उनकी समस्याओं को सुनेंगी। इसके बाद वह वापस लखनऊ रवाना हो जाएंगी। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दे दिया गया है। सीएमओ डा. ए.के. श्रीवास्तव ने बताया कि राज्यपाल के आने की जानकारी मिली है। उनके भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए तीन जगहों का प्रस्ताव राजभवन भेजा जा रहा है। वहीं से फाइनल होगा कि वह कहां दौरा करेंगी।