झमाझम बारिश के बाद धान रोपने की तैयारी में किसान
शहर रानीगंज एवं पट्टी क्षेत्र में रविवार की भोर में झमाझम बरसात हुई। इस दौरान शहर व पट्टी क्षेत्र की बिजली भी गुल रही।
संसू, प्रतापगढ़/पट्टी : शहर, रानीगंज एवं पट्टी क्षेत्र में रविवार की भोर में झमाझम बरसात हुई। इस दौरान शहर व पट्टी क्षेत्र की बिजली भी गुल रही। बरसात के बाद किसान धान की रोपाई की तैयारी में जुट गए है। शहर में 42 व पट्टी में 46 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। इसके बाद धूप निकली। पुरवा हवाएं चल रहीं थीं। अधिकतम तापमान 30.6 व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा।
जिले में इन दिनों मानसून सक्रिय हो गया है। रविवार की भोर में अचानक शुरू हुई बारिश लगभग दो घंटे तक चलती रही। इससे खेतों में लबालब पानी भर गया। खेतों में पानी भरने से किसान अब उसमें धान के पौधे रोपने की तैयारी में जुट गए हैं। बरसात शुरू होते ही बिजली काट दी गई। मौसम वैज्ञानिकों ने इस बार सामान्य बारिश की भविष्यवाणी की है, ऐसे में किसान अपने खेतों में अच्छी उपज के उत्पादन के लिए कमर कसे हुए हैं। रानीगंज प्रतिनिधि के अनुसार बारिश होने से धान की रोपाई के लिए जहां किसान जुट गए हैं वहीं खेतों में पक कर तैयार उड़द मूंग की फसल को नुकसान हो रहा है। किसान धान की रोपाई के तैयारी में खेतों में फावड़ा लेकर जुट गए हैं और टूटे हुए मेड़ों को ठीक कर रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि यह बरसात धान के लिए तो काफी फायदेमंद रहेगी, लेकिन जिन किसानों की उर्द, मूंग की तैयार फसल नहीं कट सकी है उसके लिए नुकसानदेह है। बारिश से गिरा कच्चा मकान
संसू, आसपुर देवसरा : आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के कोपा गांव निवासी राकेश कुमार गौतम का कच्चा घर मूसलाधार बारिश में भरभरा कर गिर गया। इससे उसमें रखा गृहस्थी का सारा सामान खाद्यान्न व वस्त्र आदि भी खराब हो गया। गनीमत यह रही कि दरवाजे पर बने छप्पर में परिवार के सभी लोग सो रहे थे। इसलिए सभी लोग बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। मामले की सूचना तहसील प्रशासन को दी गई, लेकिन अभी वहां पर कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा था।