कचहरी में गरजे कर्मचारी, निजीकरण के विरोध में सभा
केंद्रीय श्रम संगठनों एवं कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर जिले में खासा प्रभाव रहा। डाक विभाग एलआइसी बैंक सहित विभिन्न प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। अन्य में हड़ताल का प्रभाव आंशिक रहा और कार्य बहिष्कार तथा विरोध प्रदर्शन तक सीमित रहा।
प्रतापगढ़ : केंद्रीय श्रम संगठनों एवं कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर जिले में खासा प्रभाव रहा। डाक विभाग, एलआइसी, बैंक सहित विभिन्न प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। अन्य में हड़ताल का प्रभाव आंशिक रहा और कार्य बहिष्कार तथा विरोध प्रदर्शन तक सीमित रहा।
सभी कार्यालयों विभागों व क्षेत्रों में विरोध सभा कार्य बहिष्कार व ड़ताल करते हुए दिन में एक बजे कलेक्ट्रेट में एक सभा का आयोजन जिला ट्रेड यूनियन काउंसिल के अध्यक्ष हेमंत नंदन ओझा की अध्यक्षता में किया गया। सभा को खेत मजदूर यूनियन के नेता एवं ट्रेड यूनियन के संरक्षक रामबरन सिंह, डाक विभाग के नेता स्वतंत्र कुमार तिवारी एवं अनूप श्रीवास्तव, आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की अध्यक्ष माधुरी सिंह, राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष विश्राम सिंह, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष राधे मोहन मिश्रा, उत्तर प्रदेश किसान सभा के जिला महामंत्री निर्भय प्रताप सिंह, राजमणि पांडेय, संजय शुक्ला, अजय श्रीवास्तव, पल्लेदार मजदूर यूनियन के मंत्री महेश सरोज, बिजली कर्मचारी संघ के जिला मंत्री रामसूरत ने संबोधित किया। सभा का संचालन नरेंद्र प्रसाद मिश्रा ने किया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों व मजदूरों के विरुद्ध लोकसभा में बिल पारित करके और कानून बनाकर उनके अधिकार और हितों की उपेक्षा कर रही है। सरकार सार्वजनिक उद्यमों रेल, बैंक, बीमा, रक्षा, बिजली, एयरपोर्ट जैसी सभी सेवाओं व उद्यमों में निजी करण कर रही है। सरकार को इससे बाज आना चाहिए। मनरेगा के अंतर्गत 100 के स्थान पर 200 दिन रोजगार की गारंटी दिए जाने व मनरेगा का शहरों में विस्तार करने, मासिक मजदूरी कम से कम रुपए 21 हजार किए जाने की मांग की गई। सभा के अंत में उप जिलाधिकारी ने सभा स्थल पर आकर ज्ञापन लिया।
डाक कर्मचारियों ने प्रधान डाक घर पर की नारेबाजी
संसू, प्रतापगढ़ : देश व्यापी हड़ताल के समर्थन में अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ ने प्रधान डाकघर के सामने नारेबाजी की। 14 सूत्रीय मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने आवाज बुलंद की। इस दौरान मंडलीय सचिव नागेंद्र कुमार तिवारी, सुरेंद्र कुमार, स्वतंत्र कुमार तिवारी, संजीव सिंह, पंकज सिंह, राम कृष्ण पांडेय आदि रहे।
नए श्रम कानून के खिलाफ रेलकर्मियों ने दिया धरना
प्रतापगढ़ : विभिन्न मांगों को सरकार तक पहुंचाने के इरादे से गुरुवार को रेल कर्मियों ने आवाज उठाई। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के आह्वान पर प्रतापगढ़ शाखा के लोगों ने स्टेशन अधीक्षक दफ्तर के सामने धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर कर्मचारियों ने नए श्रम कानून को कर्मचारी विरोधी बताया। कर्मचारी नेता उपाध्यक्ष मोहम्मद अफजल खान ने कहा कि सरकार नया श्रम कानून कर्मचारियों पर थोपा जा रहा है। यह कानून कर्मचारी विरोधी है। ब्रांच सचिव धर्मेंद्र दुबे ने कहा कि कर्मचारियों के आवासों के किराए में दस प्रतिशत की बढ़ोतरी का आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाय। बिना न्यायोचित पदों को सरेंडर न किया जाय। अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष अनिल कुमार दुबे ने की। संबोधित करने वालों में केडी तिवारी, वीके तिवारी, अंकुर मिश्रा, राजेश सिन्हा, मोहम्मद रईस, सुशील कुमार और मोहम्मद यशीर समेत नेता व कर्मी रहे। इन लोगों ने आवासों के किराए में बढ़ोतरी आदेश को निरस्त करने, फ्रीज डीए को बहाल करने की मांग भी की।