आज थमेगा चुनाव प्रचार का शोर, मतदान सोमवार को
प्रतापगढ़ सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए हो रहे उप चुनाव में शनिवार शाम प्रचार थम जाएगा। मतदा
प्रतापगढ़ : सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए हो रहे उप चुनाव में शनिवार शाम प्रचार थम जाएगा। मतदान 21 अक्टूबर को है, 368 बूथों पर 3.36 लाख मतदाता 11 प्रत्याशियों की तकदीर लिखेंगे। नतीजा 24 अक्टूबर को आएगा।
उप चुनाव में अपना दल (एस) भाजपा गठबंधन दल के प्रत्याशी राजकुमार पाल, सपा प्रत्याशी बृजेश वर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी डा. नीरज त्रिपाठी, बसपा प्रत्याशी रणजीत पटेल समेत कुल 11 प्रत्याशी मैदान में है। प्रचार के आखिरी क्षणों शुक्रवार को प्रत्याशियों के लिए दिग्गज नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी। अपना दल एस प्रत्याशी के लिए कानून मंत्री बृजेश पाठक ने अलग-अलग बैठकें करके रणनीति बनाई। सपा प्रत्याशी के लिए प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व विधायक नागेंद्र यादव, पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा ने कई जगह जनसभा की। बसपा प्रत्याशी के समर्थन में जौनपुर सांसद श्याम सिंह यादव, मुख्य जोन इंचार्ज पन्नालाल गौतम व जगन्नाथ पाल ने नुक्कड़ सभाएं की। कांग्रेस प्रत्याशी के लिए पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्र, पूर्व विधायक अजय राय ने जनसभाएं की।
मतदान को दो दिन बचे हैं। शनिवार को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। आखिरी दिन अपना दल प्रत्याशी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल शनिवार को दोपहर एक बजे कांधपुर में जनसभा करेंगी। बसपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली समेत कई वरिष्ठ नेता रोड शो करेंगे। कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्र जनसभाएं करेंगी। सपा प्रत्याशी के लिए पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा पूर्व विधायक मुन्ना यादव, जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव नुक्कड़ सभाएं करेंगे।
मतदान 21 अक्टूबर को सुबह सात से शाम छह बजे तक है। तीन लाख 36 हजार 987 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें एक लाख 81 हजार 407 पुरुष, एक लाख 55 हजार 579 महिला, एक थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदान के लिए 212 मतदान केंद्र और 368 बूथ बनाए गए हैं। मतगणना 24 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से महुली मंडी में होगी। इस बारे में सहायक निर्वाचन अधिकारी एसपी बर्नवाल ने बताया कि शनिवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा।
131 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर तैनात रहेंगे पैरामिलिट्री फोर्स के जवान : शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए 108 संवेदनशील, 17 क्रिटिकल मतदान केंद्र, छह वर्नेबल मतदान केंद्र चिह्नित किया गया है। इन सभी 131 मतदान केंद्रों पर पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे। नोडल अधिकारी एएसपी पश्चिमी दिनेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि पूरे चुनाव क्षेत्र में फोर्स मोबाइल रहेगी। पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान मोबाइल रहेंगे। बूथों पर तैनात फोर्स के अलावा पल-पल पर मोबाइल ड्यूटी में लगे पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के गुजरते रहेंगे।