श्रद्धालुओं ने बाबा का दूध से किया अभिषेक
इन दिनों सावन मास में हर ओर आस्था की गंगा बह रही है। इसी के तहत नागपंचमी के अवसर पर घुइसरनाथधाम में भोर में आरती के बाद जलाभिषेक हुआ। हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
प्रतापगढ़ : घुइसरनाथधाम में नागपंचमी के अवसर पर भोर में आरती के बाद जलाभिषेक हुआ। नागपंचमी पर्व होने से महिलाओं सहित भक्तों ने दूध से अभिषेक किया। महिलाएं अधिक संख्या मे दूध लेकर बाबा धाम पहुंची और अभिषेक कर बाबा आशीर्वाद मांगा। मंदिर पर लोगों के बीच महंत मयंक भाल गिरि नागपंचमी की महत्ता पर चर्चा की।
सावन मास में बाबा घुइसरनाथधाम बम बम भोले, हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो रहा है, यहां सावन के पहले दिन से लेकर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मत्था टेक रहे हैं। शुक्रवार को भी मंदिर की आरती के बाद बाबा घुइसरनाथ का पट जैसे ही खुला हरहर बमबम करते हुए श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक शुरू किया। धाम परिसर में भंडारे का आयोजन भी प्रतिदिन चल रहा है, मंदिर समिति की ओर से भी महंत मयंक भाल गिरि, रंजन तिवारी, रोहित आदि की देखरेख में चल रहे भंडारे में लोग भगवान शिव का महाप्रसाद ग्रहण किया। इधर मेले में बच्चे, महिलायें, युवा चुटहिया जलेबी, चाट, समोसे आदि का आनंद लेते देखे जा रहे हैं। बूढ़ेबाबा धाम देउम पश्चिम में भी लोगों ने अभिषेक व जलाभिषेक कर मत्था टेका।
---
कांवरियों ने बिहारेश्वरनाथ धाम में किया जलाभिषेक
बाघराय थाना क्षेत्र के बिहार बाजार स्थित बिहारेश्वरनाथ धाम में महा जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हजारों शिव भक्त श्रृंगवेरपुर पहुंचे। गंगा जल भरने के बाद डीजे के साथ नाचते गाते धाम पहुंचे और जलाभिषेक किया। इस दौरान कांवरियों का जगह-जगह स्वागत किया गया। पचास डीजे, पचास निशान के साथ निकली यात्रा आकर्षण का केंद्र रही। मुस्लिम बस्ती में शिवालय होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से एसओ बाघराय इंद्रदेव, कोतवाल कुंडा एके मिश्रा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
------
-----
बेलखरनाथ में किया दर्शन-पूजन
क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था की नगरी पौराणिक स्थल बाबा बेलखरनाथ धाम पर नाग पंचमी के अवसर पर जनपद के कोने कोने से आए हजारों कांवरियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक तथा दर्शन पूजन किया। इस दौरान पूरा दिन कांवरियों के आवागमन से धाम क्षेत्र गेरुआ रंग में रंगा रहा। इससे यहां भक्ति भाव देखा गया। सुबह चार बजे भगवान भोलेनाथ का कपाट खुलते ही शिव भक्तों की लंबी लाइन लग गई। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, दूध, मंदार पुष्प, अगरबत्ती, धूप और गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से जलाभिषेक तथा दर्शन पूजन किया। धाम पर श्रद्धालुओं की चिकित्सा के लिए सीएचसी बाबा बेलखरनाथ धाम के डॉक्टरों की टीम लगी रही। सुरक्षा के लिए प्रतापगढ़ मुख्यालय के साथ ही रानीगंज पट्टी कंधई की पुलिस के साथ ही डेढ़ सेक्शन पीएसी और दीवानगंज चौकी के इंचार्ज मनोज कुमार ¨सह हमराही सिपाहियों के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा में दिनभर लगे रहे।