मुख्यमंत्री योगी पहुंचे प्रतापगढ़ के करमाही गांव, लिया महाप्रसाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जिले के करमाही में मंत्रिमंडलीय सहयोगी डा. महेंद्र सिंह के पैतृक आवास पर आयोजित श्रीमदभागवत कथा में शामिल हुए।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जिले के करमाही में मंत्रिमंडलीय सहयोगी डा. महेंद्र सिंह के पैतृक आवास पर आयोजित श्रीमदभागवत कथा में शामिल हुए। कथा के समापन मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने महाप्रसाद भी ग्रहण किया। मंत्रियों व अफसरों का भी जमावड़ा रहा। अल्पकालिक प्रवास के मद्देनजर सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए थे।
मुख्यमंत्री दिन में करीब 3:15 बजे कालूराम इंटरमीडिएट कालेज शीतलागंज में बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकाप्टर से पहुंचे। फिर कार द्वारा मंत्री के आवास पहुंचे। वहां अतिथि कक्ष में मंत्री डा. महेंद्र की मां इंदुमती सिंह, बड़े भाई विजय नारायण सिंह, सहित स्वजनों से मिले। कुशलक्षेम पूछी। वहीं महाप्रसाद भी ग्रहण किया। फिर कथा मंच में आए और व्यास पीठ पर विराजमान पं. अवधेश शास्त्री बादल महाराज को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। कथा व्यास ने पीली पट्टिका पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत करने के साथ-साथ अंगवस्त्रम् भेंट किया। करीब चार मिनट मंच में रहने के बाद मुख्यमंत्री वापस लौट गए। इस दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश सरकार के वन मंत्री दारा सिंह चौहान, खाद्य रसद मंत्री धुन्नी सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती, विधायक सदर राजकुमार पाल, विधायक रानीगंज अभय कुमार धीरज ओझा, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, कमिश्नर डा. आशीष कुमार गोयल, एडीजी प्रयागराज प्रेम प्रकाश, डीएम मार्कंडेय शाही, एसपी अभिषेक सिंह भी मौजूद थे।