चाकू घोंपने के मामले में सिपाही पर मुकदमा दर्ज
आरोप है कि सिपाही संजय ने उससे गाड़ी का कागजात मांगा। कागजात दिखाने के बाद भी सिपाही उससे गाली गलौच करने लगा। इसे लेकर दोनों में हाथापाई हुई थी। इतने में सिपाही के साथ रहा अजीज भी उससे भिड़ गया था। तभी सिपाही ने परवेज को चाकू घोंप दिया था।
प्रतापगढ़ : शहर के राजापाल टंकी चौराहे के पास शनिवार देर रात हाथापाई के दौरान युवक को चाकू घोंपने की घटना में सिपाही समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही एसपी ने सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
शहर के टक्करगंज मोहल्ला निवासी मोहम्मद परवेज शनिवार रात लगभग साढ़े नौ बजे सदर मोड़ से घर लौट रहा था। रास्ते में राजापाल टंकी चौराहे के पास शराब की दुकान के पास सिपाही संजय शुक्ला ने उसे रोक लिया था। आरोप है कि सिपाही संजय ने उससे गाड़ी का कागजात मांगा। कागजात दिखाने के बाद भी सिपाही उससे गाली गलौच करने लगा। इसे लेकर दोनों में हाथापाई हुई थी। इतने में सिपाही के साथ रहा अजीज भी उससे भिड़ गया था। तभी सिपाही ने परवेज को चाकू घोंप दिया था। उसकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
इस मामले में परवेज ने सिपाही संजय शुक्ला, अजीज निवासी आजादनगर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दिया था। पुलिस ने संजय शुक्ला, अजीज के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ने सिपाही संजय शुक्ला की विभागीय जांच शुरू करा दी। जांच में फौरी तौर पर पाया गया कि रात नौ बजे से पुलिस लाइन में सिपाही की ड्यूटी लगी थी। वह ड्यूटी छोड़कर शराब पीने चला गया था। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि सिपाही संजय शुक्ला की विभागीय जांच कराई जा रही है। वह ड्यूटी छोड़कर शराब पीने चला गया था। वह वर्दी में नहीं था। एएसपी ने मौके पर जाकर सीसीटीवी फुटेज चेक किया था। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।