पुलिस के भय से ब्राह्मण बस्ती खाली, खलबली
सिपाहियों पर हमले के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश से ब्राह्मण बस्ती खाली हो गई है। घरों से अधिकांश पुरूष सदस्य फरार है। घर पर रहे बच्चे व महिलाएं सहमीं हुई हैं।
संवाद सूत्र, प्रतापगढ़ : सिपाहियों पर हमले के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश से ब्राह्मण बस्ती खाली हो गई है। घरों से अधिकांश पुरूष सदस्य फरार है। घर पर रहे बच्चे व महिलाएं सहमीं हुई हैं।
कोहंडौर थाने के सिपाही रवि सिंह व राहुल कुमार ने गोदाम की तलाशी के नाम पर रमेश तिवारी व उनके घर की महिलाओं से बदसलूकी की तो ग्रामीणों ने उन पर हमला बोल दिया था। इसके बाद तीन थानों की फोर्स ने अतरसंड गांव निवासी रमेश तिवारी सहित दो दर्जन से अधिक गांवों में बुधवार को देर रात दबिश दी थी। इस दौरान पुलिस पर घर में तोड़फोड़ का आरोप भी लगा था। पुलिस की इस कार्रवाई से बुधवार की रात में ही अतरसंड गांव की ब्राह्मण बस्ती से अधिकांश पुरूष घर छोड़कर भाग गए हैं। खाकी की बूटों की आहट से बस्ती की महिलाएं और बच्चे सहमे हैं। वहीं गुरुवार को ब्राह्मण बस्ती में सन्नाटा पसरा था। ब्राह्मण बस्ती में तीन दर्जन से अधिक घर हैं। सभी घरों में पुरूष नदारद थे। घर पर महिलाएं व बच्चे ही थे, जो पुलिस की कार्रवाई से सहमे थे। वह कुछ बोलने को तैयार नहीं थे।
---
पुलिस के रवैए पर भी खड़े हुए सवाल
संसू, प्रतापगढ़ : कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में सिपाहियों से हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके चार ग्रामीणों को तो जेल भेज दिया। लेकिन उन दोनों सिपाहियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जो शराब के नशे में धुत होकर एक घर में जबरन घुस गए थे। जबकि उस घर में सिर्फ महिलाएं व दो बच्चे ही थे। आखिर ऐसा कौन सा अवैध सामान रमेश तिवारी के गोदाम में होने की सूचना सिपाहियों को मिली थी, जो एसओ व अफसरों को जानकारी देने के बजाय खुद जांच करने पहुंच गए। बिना महिला सिपाही के कैसे घर में घुस गए, जबकि उस समय रमेश तिवारी के घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं था। बाद में पुलिस ने पूरी ब्राह्मण बस्ती में दबिश दी। घर पर रही महिलाओं पर पुलिस ने तोड़फोड़ का आरोप भी लगाया। सिपाहियों से मारपीट में 22 लोगों पर मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने चार लोगों को जेल भेज दिया। लेकिन उन दोनों सिपाहियों पर कार्रवाई नहीं की, जिन्होंने शराब के नशे में खाकी की किरकिरी कराई।
---
एसपी ने ली घटनाक्रम की जानकारी
पुलिस की किरकिरी होते देख एसपी शिवहरी मीणा गुरुवार को देर शाम कोहंडौर थाने पहुंचे और एसओ से घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर दोनों सिपाहियों के जो वीडियो वायरल हुए हैं। उसकी जांच कराई जा रही है। दोनों सिपाहियों का मेडिकल कराया गया, लेकिन उसमें अल्कोहल नहीं निकला। फिर भी सभी बिदुओं पर जांच कराई जा रही है। एएसपी के नेतृत्व वाली समिति करेगी घटना की जांच
एसपी ने कोहंड़ौर थाना क्षेत्र के अतरसंड गांव में सिपाहियों और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट प्रकरण की जांच एएसपी (पश्चिमी) दिनेश द्विवेदी के नेतृत्व में गठित एक समिति को सौंप दी है। इस समिति में क्षेत्राधिकारी सदर एवं निरीक्षक भूपेंद्र सिंह यादव सदस्य हैं। यह समिति अपनी रिपोर्ट तीन दिन के अंदर एसपी को सौंप देगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।़