जमीन के विवाद में अधिवक्ता और भाजपा नेत्री के परिजनों में खूनी संघर्ष
सिया चंदई का पुरवा गांव में रविवार सुबह अधिवक्ता और भाजपा नेत्री के परिजनों में खूनी संघर्ष हो गया।
संवाद सूत्र, बाघराय : सिया चंदई का पुरवा गांव में रविवार सुबह अधिवक्ता और भाजपा नेत्री के परिजनों में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्ष से डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। बवाल की सूचना पर भारी तादाद में चार थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को संभाला। भाजपा नेत्री ने विपक्षी पर कई राउंड हवाई फायरिग का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस इसे नकार रही है।
सिया चंदई का पुरवा गांव निवासी अधिवक्ता बृजेश चंद्र त्रिपाठी और भाजपा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष
सरोज त्रिपाठी के बीच घर के सामने रास्ता बनाने को लेकर करीब तीन साल से विवाद चल रहा है। शनिवार शाम को सरोज त्रिपाठी के पक्ष के लोगों ने रास्ता बनाने के लिए जेसीबी और ट्रैक्टर से विवादित जमीन पर मिट्टी गिरवाना शुरू कर दिया। अधिवक्ता बृजेश की शिकायत पर एसओ ने काम रोकवा दिया था।
इस बीच रविवार सुबह करीब 9:30 बजे अधिवक्ता बृजेश और उनके बेटे संदीप यह देखने जा रहे थे कि रास्ता बन रहा है या नहीं। आरोप है कि तभी सरोज त्रिपाठी के परिजनों ने बृजेश व संदीप पर लाठी डंडे से हमला बोल दिया। इतने में दोनों पक्षों से दर्जन भर लोग एक दूसरे पर लाठी-डंडा लेकर टूट पड़े। इस मारपीट में अधिवक्ता पक्ष से बृजेश चंद्र (65), उनकी पत्नी कुसुम देवी (61), बेटे संदीप (25) व संजीव (30), भाई अशोक चंद्र (60) व राजेश कुमार (45), भतीजे राजीव कुमार (30), उर्मिला (55), हरिकेश (45), सविता (20), राजेश (45), ऋषभ (14), माधुरी (40) और भाजपा नेत्री के पक्ष से उनके ससुर रामअक्षैवर (65), सास सावित्री (55), सूरज (35) व विजय (37) पुत्रगण रामअक्षैवर, शीला देवी (40) पत्नी विजय कुमार, राहुल (17) पुत्र अजय, गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर अधिवक्ता बृजेश चंद्र, राजीव कुमार, अशोक चंद्र और दूसरे पक्ष से सूरज कुमार को एसआरएन हास्पिटल प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
उधर, दो पक्ष में मारपीट और बवाल की सूचना मिलने पर अफसरों के आदेश पर बाघराय एसओ के अलावा कुंडा कोतवाल डीपी सिंह, जेठवारा एसओ विनोद कुमार, महेशगंज एसो सत्येंद्र राय भारी तादाद में फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। भाजपा नेत्री सरोज त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि अधिवक्ता बृजेश चंद्र त्रिपाठी ने रविवार सुबह दहशत फैलाने के लिए लाइसेंसी बंदूक से कई राउंड हवाई फायरिग भी की। जबकि पुलिस का कहना है की हवाई फायरिग की बात बेबुनियाद है। दोनों पक्ष ने थाने में तहरीर दी है। बृजेश के बेटे संदीप ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि पट्टीदार राम अक्षैवर आदि ने उनके चचेरे भाई राजीव को घर के अंदर से घसीटकर बाहर लाकर लोहे की राड से हमला किया गया।
एसओ रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि जमीन के विवाद में दो पक्ष में मारपीट हुई थी। अब स्थिति नियंत्रण में है। सुरक्षा के मद्देनजर एक दारोगा व तीन सिपाहियों को गांव में तैनात किया गया है।