बरात में विवाद, दूल्हे के भाई को मारा चाकू
प्रतापगढ़ मानधाता थाना क्षेत्र के अकोढि़या गांव में शनिवार की रात आई बरात में डीजे पर ड
प्रतापगढ़ : मानधाता थाना क्षेत्र के अकोढि़या गांव में शनिवार की रात आई बरात में डीजे पर डांस को लेकर जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दूल्हे के भाई को चाकू मार दिया गया। इससे अफरातफरी मच गई। आननफानन में घायल युवक को प्रयागराज ले जाया गया।
अकोढि़या गांव निवासी मुन्ना पटेल की बेटी की शनिवार को शादी थी। बरात सोरांव थाना क्षेत्र के बकराबाद गांव से आई थी। बरात द्वारपूजा के लिए चली तो डीजे पर डांस शुरू हो गया। डीजे पर डांस को लेकर बराती और स्थानीय कुछ लोगों में विवाद होने लगा। इसी दौरान गांव का एक लड़का मुंह में केरोसीन डालकर तमाशा दिखाने लगा। इसका बरातियों ने विरोध किया तो मारपीट होने लगी। तभी भीड़ में से एक ग्रामीण ने दूल्हे के छोटे भाई राजेश पटेल को चाकू मार दिया, जिससे वह खून से लथपथ हो गया।
राजेश को खून से लथपथ देख मौके पर अफरातफरी, भगदड़ मच गई। राजेश के परिजन फौरन उसे लेकर प्रयागराज चले गए। वहां एक नर्सिंग होम में उसका इलाज चल रहा है। इधर, घटना की सूचना पर मानधाता पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल करके विवाह संपन्न कराया। पुलिस ने रात में ही डीजे संचालक दिग्विजय पटेल पुत्र राम प्रकाश पटेल को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसका शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। मानधाता पुलिस ने प्रयागराज जाकर राजेश का बयान लिया। एसओ विपिन कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट और चाकू मारने वाले को चिह्नित किया जा रहा है। आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।