अधिवक्ता संघ चुनाव में अनिल महेश बने अध्यक्ष, राम कुमार महामंत्री
संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव में मंगलवार को अनिल त्रिपाठी महेश अध्यक्ष तथा रामकुमार पांडेय महामंत्री निर्वाचित हुए।
संसू, लालगंज : संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव में मंगलवार को अनिल त्रिपाठी महेश अध्यक्ष तथा रामकुमार पांडेय महामंत्री निर्वाचित हुए। अनिल महेश ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत हासिल करते हुए 151 मतों से निकटतम प्रतिद्वंदी हरिकेश पटेल को शिकस्त दी। अनिल त्रिपाठी महेश को 238 मत मिले। वहीं निकटतम हरिकेश पटेल को 87 मत प्राप्त हो सके। वहीं उपाध्यक्ष सिविल पद पर दिनेश बहादुर सिंह तथा शहजाद अंसारी के बीच कांटे का टक्कर हुआ। दिनेश सिंह ने एक मतों से विजय हासिल की। दिनेश सिंह को 137 तथा शहजाद अंसारी को 136 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर विनय कुमार शुक्ल ने 148 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी विजय कुमार यादव को पराजित किया। महामंत्री पद पर रामकुमार पांडेय ने 149 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। कोषाध्यक्ष पद पर शशिकांत शुक्ल ने 234 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। प्रचार मंत्री पद पर राजेश कुमार द्विवेदी व सहमंत्री पर शिवेंद्र तिवारी निर्वाचित घोषित किए गए। आय-व्यय निरीक्षक पद पर राकेश पाल व सदस्य कार्यकारिणी पद पर रमेश कोरी, आनंद मोहन श्रीवास्तव, मो. शाहिद एवं पुनीत कुमार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को चुनाव समिति के अध्यक्ष कमलेश तिवारी ने समारोह पूर्वक प्रमाण-पत्र प्रदान किया। संचालन पूर्व अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने किया। संघ के उपाध्यक्ष राजेश सरोज ने अधिवक्ताओं के प्रति आभार जताया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश व अन्य पदाधिकारियों ने जीत का सेहरा आम अधिवक्ताओं को देते हुए अधिवक्ता हितों मे लगातार और मजबूती से संघर्ष का ऐलान किया।
---