प्रतापगढ़ में अधिमास के दौरान शिव भक्ति की लहर, लग रहे मंदिरों में जयकारे
अधिमास दान पुण्य और भक्ति का महीना कहा जाता है। इस महीने लोग बाबा शिव की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद ले रहे हैं।
प्रतापगढ़, जेएनएन : अधिमास दान पुण्य और भक्ति का महीना कहा जाता है। इस महीने लोग बाबा शिव की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद ले रहे हैं। सई किनारे घुइसरनाथ धाम में शुक्रवार को भी लोग पहुंचे। जप किया और परिक्रमा करके आशीर्वाद मांगा। भंडारा कर रहे हैं भक्त
अधिमास में पूजा-अर्चना करने वाले कई शिव भक्तों ने अपनी इच्छा पूरी हो जाने पर भंडारा कराया। इन भंडारा में तमाम लोग भोजन करते देखे गई। कई भक्तों ने तो देसी घी की बनी हुई पूड़ी का भोजन कराकर पुण्य लाभ लिया। महिलाएं श्रृंगार की दुकानों पर खूब खरीदारी कर रही हैं। धाम में हर रोज चलने वाली रसोई में गरीब असहायों को भोजन दोपहर में परोसा गया। यहां महंत मयंक भाल गिरि व रोहित तिवारी के संयोजन में लोगों ने भोजन किया।
शारीरिक दूरी के बीच दर्शन
इसी प्रकार बेलखरनाथ धाम में दर्शन की धूम मची है। लोग भोर से ही वहां पहुंच जा रहे हैं। सेवा समिति के कार्यकर्ता उनको शारीरिक दूरी बनाकर दर्शन करा रहे हैं। जयकारे लग रहे हैं। कुंडा के हौदेश्वर नाथ धाम में भी ऐसा ही माहौल है। गंगा स्नान करके लोग दर्शन करके निहाल हो रहे हैं। हर किसी के मन में भक्ति की हिलोर है। भयहरण नाथ धाम में भी लोग दर्शन कर रहे हैं। मंदिर समिति ने दूरी के मानक का सख्ती से पालन कराने को वरीयता दी है। पुलिस और स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं की मदद से व्यवस्था का संयोजन किया जा रहा है।