अचानक छा गया अंधेरा, सहम गए लोग
प्रतापगढ़ : मंगलवार को उस समय अमंगल की आशंका से लोग सहम गए जब अचानक दिन में अंधेरा छा गया। तेज हवाओं
प्रतापगढ़ : मंगलवार को उस समय अमंगल की आशंका से लोग सहम गए जब अचानक दिन में अंधेरा छा गया। तेज हवाओं के साथ बरसात होने लगी। कई जगह बिजली गिरने से जहां कुछ की जान चली गई वहीं भारी नुकसान भी हुआ। लोग एक दूसरे से फोन कर अपने प्रियजनों का हाल लेते रहे। ऐसा लगभग घंटे भर तक चलता रहा।
मंगलवार को सुबह हुई तो सबकुछ ठीक ठाक था। लगभग आठ बजे अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में काले बादल छाने से पूरे वातावरण में अंधेरा छा गया। देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बरसात होने लगी। आसमानी बिजली कड़कने से लोग घरों में दुबक गए। अमंगल की आशंका में लोगों ने भगवान का नाम लेना शुरू कर दिया। लगभग घंटेभर मूसलाधार बारिश होने के बाद मौसम साफ हो गया। इसे लोग नेपाल में भूकंप के बाद आंधी पानी से हुई तबाही से जोड़ रहे हैं। आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि भी हुई। बारिश के समय हवाओं की गति 40 से 45 किमी प्रति घंटे बताई गई। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान प्रेक्षक सुरेंद्र प्रजापति ने बताया कि कुल 2.5 मिमी बरसात हुई है। आर्द्रता अधिकतम 74 तथा न्यूनतम 65 रही। तापमान अधिकतम 29 तथा न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रेकार्ड किया गया।
---इनसेट-------
उड़े टिन शेड, गिरे पेड़
प्रतापगढ़ : मौसम के तेवर बदलने से कई जगह नुकसान हुआ। महुली में टिन शेड उड़ गए। दुकानों व घरों पर पेड़ गिर गए। तार टूटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। हालांकि दो घंटे बाद मौसम ठीक होने से लोगों ने राहत की सांस ली।